शर्मनाक: मोटी रकम कमाने के लालच में अपनी पत्नियों का कर डाला सौदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली और रुद्रपुर के ममेरे भाइयों द्वारा पत्नियों को बेचे जाने के मामले में युवकों का पत्नियों की फर्जी शादी करा कर मोटी रकम कमाने का नया खुलासा हुआ है। मामले में मथुरा की भी एक महिला दलाल के शामिल होने की बात कही जा रही है।
शादी के बाद दोनों युवतियों का 16 दिसंबर को वापस घर आना तय था। एक युवती घर पहुंच गई लेकिन दूसरी का कोई पता नहीं है। फिलहाल पुलिस ने घर वापस आई महिला के पिता की तहरीर पर युवकों सहित पकड़ी गई महिला दलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बरेली और रुद्रपुर की युवतियों को बेचे जाने के मामले में शुक्रवार को आरोपी ममेरे भाइयों ने नया खुलासा किया है। युवकों के अनुसार उन्होंने महिला दलालों के साथ मिलकर पत्नियों की फर्जी शादी करने के एवज में मोटी रकम ली थी। दलालों में रुद्रपुर की महिला पुष्पा, फिरोजाबाद की गुड़िया के साथ ही मथुरा की आशा शामिल हैं।
फर्जी शादी से मोटी रकम कमाने का झांसा देकर फंसाया
पकड़े गए युवक दुधियानगर निवासी सोनू ने बताया कि उसकी पत्नी निशा की जान पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी पुष्पा से थी। पुष्पा ने ही निशा को फर्जी शादी कर मोटी रकम कमाने का झांसा देकर फिरोजाबाद निवासी गुड़िया से बात की और गुड़िया ने मथुरा निवासी आशा से दोनों युवतियों का 85 हजार में सौदा तय किया।
उसके बाद सोनू की पत्नी ने उसे दोस्तों से लिया हुआ कर्जा वापस लौटाने के लिए दलालों से मिले 35 हजार रुपए दिए। उसने 16 दिसंबर को घर वापस आ जाने की बात कही और यही बात बबीता ने भी अपने परिजनों से कही।
बबीता के पिता का भी यही कहना था कि जब उन्होंने रुद्रपुर पहुंचकर सोनू और उसके परिजनों से बेटी के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा था कि 16 दिसंबर तक बबीता घर लौट आएगी।
महिला के पिता को लगी भनक और खुल गया राज
इसकी पुष्टि 16 दिसंबर की सुबह बबीता के घर पहुंचने से हो भी गई। बताया जा रहा है कि सोनू पुष्पा के साथ दोनों युवतियों को लेकर फिरोजाबाद पहुंचा जहां पर उसे चूड़ी कारोबारी गुड़िया और मथुरा की आशा मिली और वहीं पर दलालों ने दोनों युवतियों को सौदे की रकम दी। इसके बाद सोनू वापस आ गया।
12 दिसंबर को फोन पर उसकी पत्नी निशा ने बताया कि उन्होंने फर्जी शादी कर ली है और 16 दिसंबर को घर लौटने के लिए वह उन्हें बुला लेंगे।
इसी बीच बबीता के पिता राम कुमार को मामले की भनक लग गई और उनके राज से पर्दा उठता चला गया। फिलहाल पुलिस ने बबीता के पिता की तहरीर के आधार पर प्रदीप, सोनू और पुष्पा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस की एक टीम गई बरेली
ममेरे भाइयों द्वारा पत्नियों को बेचे जाने का मामला संज्ञान में हैं। युवतियों को बेचा गया है या फिर दलाल युवतियों की फर्जी शादी कर पैसा कमाने का धंधा चला रहे हैं। इसकी जांच की जा रही है। दोनों युवतियों में से एक युवती अपने घर लौट आई है, जिसके पिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस की एक टीम बरेली भी गई है जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
-देवेंद्र पिंचा, एएसपी रुद्रपुर