शादी के मंडप में रची गई फायरिंग की साजिश, चार शूटर अरेस्ट
स्पेशल टास्क फोर्स ने मंगलवार रात को नेहरू कालोनी के शादी मंडप में फायरिंग की साजिश को अंजाम देने आए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश देहरादून के रिंग रोड स्थित वेडिंग प्वाइंट में संगीन वारदात को अंजाम देना चाहते थे।
एसटीएफ का दावा है कि पौड़ी जेल में बंद सचिन खोखर के इशारे पर ये बदमाश वारदात को अंजाम देने आए थे। खोखर का जेल में बंद दूसरे अपराधी से हुए टकराव को इस साजिश से जोड़ा जा रहा है। हालांकि अधिकारी इस मामले में खुलकर कुछ बताने से बचते रहे।
एसटीएफ की एसएसपी पी रेणुका देवी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जेल में बंद सचिन खोखर से जुड़े चार बदमाशों में नवीन उर्फ नवनीत वर्मा निवासी लोध मंड़ी ज्वालापुर हरिद्वार, अजय कुमार बटार उर्फ अक्षत ऊन (शामली), अंकित कुमार खोखर छपरौली (बागपत), आशीष रमन उर्फ चीनू निवासी बीटी गंज रुड़की (हाल निवासी पीएनटी कालोनी चुक्खूवाला) को गिरफ्तार किया गया है।
इनके पास से तीन तमंचों के अलावा दो मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं। ये बदमाश नेहरू कालोनी क्षेत्र के एक शादी मंडप में किसी वारदात को अंजाम देने आए थे। बदमाशों को किसी की हत्या करनी थी या फिर फायरिंग, एसटीएफ अधिकारी इस बारे में साफ तौर से कुछ नहीं बता पाए।
सुनील राठी गैंग से जुड़े बदमाशों को मिलनी थी मोटी रकम
सुनील राठी गैंग से जुड़े सचिन खोखर के इशारे पर ये बदमाश रिंग रोड स्थित वेडिंग प्वाइंट पर संगीन वारदात करने आए थे। इससे बदले खोखर ने उन्हें मोटी रकम देने की बात कही थी।
इस वेडिंग प्वाइंट से एक अपराधी का जुड़ाव किसी से छिपा नहीं है। सूत्रों का कहना है कि पौड़ी जेल में खोखर का उस बदमाश से कुछ दिन पहले टकराव हो गया था।
उसी परिपेक्ष्य में दहशत बरपाने के लिए इन बदमाशों को भेजा गया था। नवीन पटेलनगर से हत्या और लूट में जेल जा चुका है, जबकि आशीष दून में चोरी के आरोप में जेल गया।
एसएसपी ने उपनिरीक्षक तुषार बोरा, संतोष शाह, नंद किशोर भट्ट, कांस्टेबल संदेश यादव, दीपक भंडारी, महेंद्र नेगी, बृजेंद्र चौहान, कैलाश नयाल, अनंत कुमार, लोकेंद्र कुमार, संजय कुमार और मोहन असवाल को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।