सुनवाई से पहले सीबीआई गवाह पर बरसाई गोलियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून में कैंट बोर्ड के पास मंगलवार देर रात बाइक सवार दो युवकों ने बात करने के बहाने कार रुकवाकर उसमें सवार सीबीआई के गवाह पर गोलियां बरसा दी। एक गोली कार सवार की छाती को चीरते हुए निकल गई, जबकि दो अन्य गोलियां कार से होकर गुजर गईं।
घायल को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। पल्सर सवार एक हमलावर सीबीआई गवाह का जानकर बताया जा रहा है। प्रापर्टी डीलर का काम करने वाले सचिन कुमार (25) को कैंट बोर्ड के एकाउंटेंट को रिश्वत लेते पकड़वाने के बाद से जान से मारने की धमकी मिल रही थी।
गढ़ी कैंट स्थित क्वार्टर निवासी सचिन कुमार मंगलवार रात पौने दस बजे के करीब कार से घर जा रहा थे। कैंट बोर्ड के सामने पल्सर सवार युवकों ने हाथ देकर उनकी कार को रुकवा लिया। बाइक सवार युवक ने सचिन के बराबर में पहुंचते ही सटाकर गोली मार दी।
रिश्वतखोरी के मामले में सीबीआई गवाह था सचिन
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों के आ जाने के बाद हमलावर फरार हो गए। गंभीर घायल सचिन को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह, सीओ सिटी मनोज कत्याल और कैंट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सचिन के पिता रमेश कुमार कैंट बोर्ड में थे। सेवानिवृत्ति के बाद रमेश कुमार से छावनी परिषद गढ़ी के एकाउंटेंट मैनपाल ने फंड के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। सचिन की शिकायत पर सीबीआई टीम ने 25 अगस्त 2014 को छापा मारकर आरोपी मैनपाल को गिरफ्तार किया था।
उस मामले में सचिन गवाह था। पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह ने बताया कि सचिन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पल्सर सवार युवकों की तलाश की जा रही है। हमले के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
छाती को चीरते निकल गई एक गोली
सचिन ने पुलिस को बताया कि पल्सर सवार दो युवकों ने कैंट बोर्ड के सामने उसे रोक लिया। इनमें से एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधे थे, जबकि दूसरे का मुंह खुला था। गोली चलने पर वह स्टेयरिंग के नीचे घुस गया था। सचिन का कहना है कि रिश्वत लेते पकड़वाने की रंजिश में उस पर कातिलाना हमला किया गया है। सचिन ने हमला करने वालों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।
हमलावरों ने चलाई तीन गोलियां
सूत्रों की माने तो हमलावरों ने सचिन को मारने के लिए तीन गोलियां चलाई थी। एक गोली उसकी छाती को चीरते हुए निकल गई। दूसरी गोली का निशान कार पर है और तीसरी गोली बाहर निकल गई।
रिश्वत कांड की सुनवाई आज
रिश्वत कांड की सुनवाई पर सीबीआई कोर्ट में बुधवार को सुनवाई होनी है। सूत्रों का कहना है कि सुनवाई के दौरान सचिन गवाही से मुकर गया था।
सचिन को मिली थी अंजाम भुगतने की चिठ्ठी
सचिन को इसी जुलाई में एक धमकी भरा खत मिला था जिसका मजमून था- सचिन जो तू सीबीआई के कहने पर करने जा रहा है, वह ठीक नहीं है। इसका परिणाम तेरे और परिवार के लिए ठीक नहीं होगा, जो भी करना सोच समझकर करना। चिट्ठी भेजने वाले के रूप में रामपाल निवासी छुटमलपुर का नाम लिखा गया है। इस साल 16 जुलाई को मिली चिट्ठी को लेकर सचिन ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
घर पर सोते मिला आरोपी
घायल सचिन ने हमले के पीछे जिस शख्स का नाम बताया था, पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी तो वह सोता हुआ मिला। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।