गजब! फिल्मी अंदाज में डकैती की चौंका देने वाली वारदात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुलंदशहर में ज्वैलर्स की दुकान में हुई डकैती मामले में हल्द्वानी जेल में बंद बदमाश को पेशी पर ले जाने वाले कांस्टेबलों से पूछताछ के लिए यूपी पुलिस पहुंच गई है। इस दौरान उन्होंने निलंबित कांस्टेबलों से पूछताछ की।
यूपी पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जरूरत पड़ने पर उन्हें बुलंदशहर भी ले जाया जा सकता है। बुलंदशहर के ग्राम सदरपुर निवासी सतीश 2010 में बाजपुर में हुई डकैती मामले में हल्द्वानी जेल में बंद है। जिसकी 9 और 11 सितंबर को अलीगढ़ में पेशी थी।
इसके लिए पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल दीपक बिष्ट, पंकज कुमार, संजय भट्ट उसे पेशी के लिए आठ सितंबर को ले गए। इसके बाद उन्होंने 12 सितंबर को हल्द्वानी जेल में आमद दर्ज कराई।
जबकि 11 सितंबर की शाम बुलंदशहर में ज्वैलर्स की दुकान में हुई डकैती के मामले में पेशी पर गए सतीश के शामिल होने का शक बुलंदशहर पुलिस ने जाहिर किया।
लापरवाही बरतने पर किया निलंबित
इस पर एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल ने पेशी पर गए तीनों कांस्टेबलों सहित पुलिस लाइन के ड्यूटी इंचार्ज हरीश बिष्ट को भी ड्यूटी लगाने और लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया था। साथ ही जांच एएसपी टीडी वैला को सौंप दी थी।
इधर रविवार को उत्तर प्रदेश की बुलंदशहर सिटी थाना पुलिस कोतवाल राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में रुद्रपुर पुलिस लाइन पहुंची। जहां उन्होंने एएसपी टीडी वैला से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी। साथ ही मुजरिम को पेशी पर ले गए निलंबित कांस्टेबलों से भी पूछताछ की।
इस दौरान कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल विवेचना चल रही है। आवश्यकता पड़ी तो कांस्टेबलों को पूछताछ के लिए बुलंदशहर भी ले जाया जा सकता है।
पेशी में नहीं गया संजय
जांच के दौरान पता चला है कि पेशी पर भेजे गए कांस्टेबल संजय भट्ट अलीगढ़ गया ही नहीं। जबकि कांस्टेबल दीपक बिष्ट, पंकज कुमार के साथ उसकी भी पेशी में ड्यूटी लगाई गई थी।
एएसपी टीडी वैला ने बताया कि पेशी पर ड्यूटी लगने के बाद भी संजय नहीं गया और अपने घर चला गया। इस बीच वह अपने परिवार के साथ आवास विकास स्थित किराए के मकान में ही रहा।
पहले भी जा चुका है दीपक
एएसपी टीडी वैला ने बताया कि निलंबित दीपक बिष्ट पहले भी दो बार अलीगढ़ पेशी पर जा चुका है। लगातार एक ही कांस्टेबल की ड्यूटी लगाए जाने की भी जांच की जा रही है।
एएसपी ने की तीनों कांस्टेबलों से पूछताछ
बुलंदशहर में ज्वैलर्स की दुकान में हुई डकैती मामले में हल्द्वानी जेल में बंद बदमाश को पेशी पर ले जाने वाले कांस्टेबलों से पूछताछ शुरू हो गई है। जांच अधिकारी एएसपी टीडी वैला ने बताया कि तीनों निलंबित पुलिस कर्मियों से पुलिस लाइन में पूछताछ की जा रही है।
कांस्टेबलों ने बताया कि उनकी लोकेशन अलीगढ़ में ही थी और वे बुलंदशहर गए ही नहीं। साथ ही वे अलीगढ़ ग्रीन पार्क स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। एएसपी ने बताया कि फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच की जा रही है कि इस मामले में कांस्टेबल शामिल थे, या उनकी लापरवाही से सतीश को घटना करने का मौका मिला।
निलंबित कांस्टेबलों का हुआ ट्रांसफर
एएसपी टीडी वैला ने बताया कि निलंबित चारों कांस्टेबलों का स्थानांतरण कर दिया गया है। इनमें दीपक बिष्ट, हरीश बिष्ट को पिथौरागढ़ और संजय भट्ट, पंकज कुमार का बागेश्वर ट्रांसफर किया गया है।