रुड़कीः कैंप कार्यालय में भाजपा नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
- घर में बने कैंप कार्यालय पर मिलने आए दो बाइकसवार युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
- अनुसूचित मोर्चा में जिलाध्यक्ष रह चुके हैं राज सिंह
- मंगलौर के तांशीपुर गांव में मंगलवार दोपहर की घटना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुड़की के तांशीपुर गांव में मंगलवार को बाइकसवार दो बदमाशों ने भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। घर में बने पार्टी के कैंप कार्यालय पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए पूरे जिले में चेकिंग अभियान चलाया लेकिन किसी का कहीं पता नहीं चल पाया। एसएसपी ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
तांशीपुर निवासी राज सिंह भाजपा की निर्वतमान कार्यकारिणी में अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे चुके हैं। परिवार के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बाइक पर दो युवक उनसे मिलने पहुंचे।
उन्होंने दोनों युवकों को कैंप कार्यालय में बैठाते हुए बेटे से पानी मंगवाया। इसी बीच उनके सीने में गोली मारकर दोनों युवक फरार हो गए। बेटा पानी लेकर लौटा तो पिता को खून से लथपथ देखकर बदहवास रह गया।
पुलिस ने परिजनों से लिया बदमाशों का हुलिया
शोर मचाने पर परिवार और आस-पड़ोस के लोग कार्यालय पहुंचे। आनन-फानन में राज सिंह को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
हत्या की सूचना पर मंगलौर कोतवाली प्रभारी व प्रशिक्षु आईपीएस लोकेश्वर सिंह, सीओ प्रताप सिंह चौहान, इंस्पेक्टर उत्तम सिंह जिम्मीवाल गांव पहुंचे और परिजनों से बदमाशों के हुलिये की जानकारी जुटाई।
उसके बाद एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस व एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। घटना के बाद से भाजपाइयों का तांशीपुर गांव व सिविल अस्पताल रुड़की में जमावड़ा लगा रहा।