Lockdown Uttarakhand: रुड़की के मेयर ने कार्यक्रम में शामिल होकर किया सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन, मुकदमा दर्ज
- सफाई कर्मियों के स्वागत समारोह में रैली की तरह सड़कों पर उतरे काफी लोग
- मेयर और एक पार्षद के खिलाफ धारा 336, 188 और 51 बी के तहत मुकदमा
- सोशल मीडिया पर फोटो वायरल, वीडियो का स्वत: संज्ञान लेकर पुलिस ने की कार्रवाई
विस्तार
उत्तराखंड के रुड़की में कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए लागू लॉकडाउन का जनप्रतिनिधि ही जमकर उल्लंघन कर रहे हैं। शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों के सम्मान समारोह के बहाने रुड़की के मेयर ने धारा 144 और शारीरिक दूरी का खुला उल्लंघन किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और फोटो में मेयर सम्मान समारोह के बाद भीड़ के साथ रैली की तरह सड़कों से गुजर रहे हैं। कुछ पार्षद भी उनके साथ नजर आ रहे हैं।
वायरल फोटो और वीडियो का स्वत: संज्ञान लेकर पुलिस ने मेयर गौरव गोयल और पार्षद टोनी के खिलाफ धारा 336 (लोगों की जान खतरे में डालना), 188 और 51 बी (महामारी एक्ट) के तहत केस दर्ज कर लिया।
कोराना के मद्देनजर लागू लॉकडाउन और धारा 144 के तहत चार से अधिक व्यक्ति एक साथ खड़े होते हैं तो यह कानून का उल्लंघन है, लेकिन शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल फोटो और वीडियो में सफाई कर्मचारियों के सम्मान समारोह के बाद मेयर गौरव गोयल शारीरिक दूरी और धारा 144 का खुला उल्लंघन करते नजर आए।
अधिकांश लोगों ने मास्क तक नहीं पहना था
भीड़ के साथ सड़कों से गुजरते वक्त मेयर के साथ कुछ पार्षद भी थे। चिंताजनक बात यह भी है कि इनमें से अधिकांश ने मास्क तक नहीं पहना था। सोशल मीडिया पर इसकी वीडियो वायरल होते ही लोग इस पर सवाल उठाकर कार्रवाई की मांग करने लगे।
एसपी देहात एसके सिंह का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल फोटो और वीडियो का स्वत: संज्ञान लेकर मेयर गौरव गोयल समेत एक पार्षद के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, मामले में मेयर का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।
शारीरिक दूरी का पालन किया जा रहा है। लोगों में उत्साह है और सेवाकर्मियों के प्रोत्साहन के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
-मेयर गौरव गोयल, मीडिया से बातचीत के दौरान