Coronavirus: स्मैक तस्कर और चोर निकले कोरोना पॉजिटिव, संपर्क में आए दो दरोगा, चार पुलिस कर्मी क्वारंटीन
- न्यायालय से रिमांड लेकर दोनों आरोपियों को किया आइसोलेट
- टनकपुर में गिरफ्तारी के बाद हुई रैपिड जांच में पाए गए संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में स्मैक तस्कर और साइकिल चोर को दबोचने की सफलता की खुशी पुलिस की उस समय काफूर हो गई, जब दोनों आरोपियों की रैपिड टेस्ट रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली। आनन-फानन में दोनों आरोपियों को आइसोलेट और उनके संपर्क में आए दो दरोगा और चार कांस्टेबलों को क्वारंटीन कर दिया गया है।
बुधवार को पुलिस ने खटीमा के एक युवक को स्मैक तस्करी के आरोप में और बोरोगोठ (टनकपुर) के एक युवक को साइकिल चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। बृहस्पतिवार सुबह दोनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई के लिए कोरोना जांच के लिए उनका रैपिड टेस्ट कराया गया था। स्मैक तस्करी मामले का खुलासा करने के लिए कोतवाली में प्रेस कांफ्रेंस की तैयारी चल रही थी।
इसी बीच आरोपियों की रैपिड टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने की खबर आई तो कोतवाली में हड़कंप मच गया। इसकी भनक लगते ही प्रेस कांफ्रेंस के लिए कोतवाली पहुंचे मीडिया कर्मियों ने मौके से निकलने में ही अपनी भलाई समझी।
पीसीआर जांच के लिए सैंपल एसटीएच हल्द्वानी भेजे
पुलिस ने आनन-फानन में न्यायालय से रिमांड लेकर दोनों आरोपियों को ट्रामा सेंटर भवन के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया और उनके संपर्क में आए दो दरोगा और चार कांस्टेबलों को भी क्वारंटीन किया गया है। इधर, अग्निशमन बुलाकर समूचे कोतवाली क्षेत्र को सैनिटाइज कराया गया है।
दोनों आरोपी अभी रैपिड टेस्ट (खून की जांच) में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें आइसुलेशन वार्ड में भर्ती करने के साथ ही उनके संपर्क में आए छह पुलिस कर्मियों को भी क्वारंटीन किया गया है। पॉजिटिव मिले आरोपी युवकों का पीसीआर सैंपल लेकर जांच के लिए एसटीएच हल्द्वानी भेजा जा रहा है। इस जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कदम उठाए जाएंगे।
-डॉ. एचएस हयांकी, एसीएमओ, टनकपुर।