Coronavirus In Uttarakhand: रुद्रपुर के क्वारंटीन सेंटर में पीलीभीत के अधेड़ ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी
उत्तराखंड के रुद्रपुर में ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज संस्थान (यूआईआरडी) में क्वारंटीन वार्ड में रखे गए अधेड़ ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों में खलबली मच गई। डीएम और एसएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखकर परिजनों को सूचना दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार, पूरनपुर पीलीभीत निवासी तोले शाह (56) आगरा में प्राइवेट जॉब करता था। लॉकडाउन के बाद वह जमुआ खटीमा में अपनी रिश्तेदारी में आ गया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गयी थी। 29 मार्च को ग्राम प्रधान ने तोले के गांव में आने और उसकी तबीयत खराब होने की सूचना उसने पुलिस को दी थी। इसके बाद तोले शाह को 30 मार्च को जांच के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल गया।
जहां उसे तेज बुखार की शिकायत होने पर 14 दिन के लिए यूआईआरडी में बनाए गए क्वारंटीन वार्ड में क्वारंटीन कर दिया। 31 मार्च को उसकी सैंपल रिपोर्ट नेगेटिव आयी थी। सोमवार की देर शाम पुलिस कर्मी उसे कमरे में खाना देने के लिए गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने पर दरवाजा नहीं खोलने पर पुलिस कर्मियों ने रोशनदान से अंदर झांका तो तोले पंखे में लगाए चादर के फंदे में लटका था।
उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही अधिकारी सकते में आ गए। डीएम डॉ. नीरज खैरवाल, एसएसपी बरिंदरजीत सिंह, एएसपी देवेंद्र पिंचा सहित अनेक अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रख दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
मृतक का मोबाइल जब्त कर कमरा किया सील
पुलिस ने मृतक तोले शाह का मोबाइल जब्त कर कमरे को सील कर दिया है। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कमरे में पंखे से लटके शव को नीचे उतारकर कमरे को सील कर दिया है। परिजनों के आने के बाद कमरे की पड़ताल की जाएगी।
...तो सुबह से तनाव में था मृतक
मृतक क्वारंटीन वार्ड में अकेले रखा गया था। उसके कमरे में सुबह पुलिस कर्मी नाशता देकर गए थे लेकिन उसने नहीं खाया। पूछने पर उसने व्यक्तिगत परेशानी बता दी। इसी तरह दोपहर का खाना भी उसके कमरे में वैसे ही पड़ा था। शाम साढ़े तीन बजे उसकी स्वास्थ्य जांच की गई थी।
39 लोगों को किया गया था क्वारंटीन
यूआईआरडी में बने क्वारंटीन सेंटर में 39 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। घटना के बाद अब यहां 38 लोग बचे हैं। मृतक की मौत के बाद अन्य लोगों में डर का माहौल है। इससे पहले भी एक युवक सोशल मीडिया में अपनी परेशानी बयां कर चुका है। उसके खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज है।
एसएसपी बोले, सुरक्षा में नहीं कोई चूक
घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने कहा कि मृतक का फांसी लगाया गम्भीर मसला है। इसकी मजिस्ट्रेट जांच होगी। उन्होंने बताया कि क्वारंटीन किए गए लोगों कि सुरक्षा में कोई चूक नहीं कि जा रही है। काशीपुर में क्वारंटीन से दो लोगों के भागने के बाद क्वारंटीन केंद्रों की सुरक्षा पुख्ता की गई
है।
मृतक ने कमरे में रखी चादर से पंखे पर लटककर आत्महत्या की है। मृतक सहित सभी क्वारंटीन रखे लोगों का पूरा ध्यान दिया जा रहा था। मृतक की सैम्पल जांच में रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। परिवार को घटना की सूचना दे दी है। मृतक ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया ये पता नहीं चल सका है।
बरिंदरजीत सिंह, एसएसपी।
ऊधमसिंह नगर से भेजे गए सभी 15 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव
ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर, बाजपुर और किच्छा से रविवार को भेजे गए सभी 15 कोरोना संदिग्ध की ब्लड सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। साथ ही सोमवार को जिले के 13 और लोगों के सैंपल जांच के लिए हल्द्वानी लैब भेजे गए हैं।
बता दें कि रुद्रपुर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 14 व क्वारंटीन किए गए एक लैब टेक्नीशियन के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। देर शाम मिली रिपोर्ट के बाद सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट ने कहा कि रविवार को भेजे गए सभी 15 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव मिली है।