Coronavirus in Uttarakhand: विदेश से लौटी वृद्धा को किया आइसोलेट, बाहर से आए 19 लोगों को क्वारंटीन
- होम क्वारंटीन पर थी, सांस लेने में हो रही है दिक्कत, डाक्टरों की निगरानी में महिला
- स्वेप जांच के लिए एसटीएच भेजा, मुनस्यारी के तीन मरीजों को क्वारंटीन में रखा गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजकीय अस्पताल रानीखेत में कोरोना संदिग्ध बताई जा रही 60 वर्षीय महिला को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आइसोलेट किया है। बताया जा रहा है कि नगर निवासी महिला और उनके पति 18 मार्च को लंदन से लौटे थे और होम क्वारंटीन पर थे। उधर, मुनस्यारी के तीन मरीजों को क्वारंटीन में रखा गया है। 18 मार्च को लंदन से लौटे दंपती की मेडिकल जांच के बाद उन्हें होम क्वारंटीन पर रखा गया था। बृहस्पतिवार की रात आठ बजे महिला को सांस लेने में तकलीफ हुई। इसकी सूचना राजकीय अस्पताल में दी गई चिकित्सकों ने कोरोना संक्रमण की आशंका जताई और एहतियात के तौर पर उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराकर उपचार शुरू कर दिया है। शुक्रवार सुबह महिला का स्वेप नमूना जांच के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेज दिया गया है।
डाक्टरों ने बताया कि महिला के पति को कोई तकलीफ नहीं है। वह भी होम क्वारंटीन पर चल रहे हैं। मुनस्यारी के एक ही परिवार के लोग पांच मार्च को खटीमा शादी समारोह में गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्हें सर्दी-जुकाम, बुखार की शिकायत हुई। बृहस्पतिवार रात चिकित्सकों ने तीनों मरीजों को संदिग्ध मानते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिजीशियन डॉ. एसएस कुंवर ने बताया कि तीनों मरीजों में सामान्य लक्षण पाए गए हैं। एहतियातन तीनों को राजकीय संग्रहालय में बनाए क्वारंटीन में रखा गया है। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि पिछले दिनों विदेश से आए रानीखेत निवासी एक व्यक्ति को सर्दी, जुकाम की शिकायत हुई थी। जिसके बाद उसे गोविंद सिंह माहरा, अस्पताल रानीखेत के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। वहीं दिल्ली से पहुंचे चौखुटिया निवासी दम्पति (महिला एवं पुरुष) को भी सर्दी, जुकाम की शिकायत होने पर बेस अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। तीनों के सैंपल जांच के लिए हल्द्वानी भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि बेस अस्पताल में विदेश से आए सोमेश्वर निवासी भर्ती एक अन्य मरीज के सैंपल हल्द्वानी भेजे गये थे जिसकी रिर्पोट अभी नहीं पहुंची है।
दिल्ली में फंसे यात्री टनकपुर पहुंचे, स्वास्थ्य जांच हुई
दिल्ली में फंसे यात्रियों को लेकर टनकपुर पहुंची कौशांबी डिपो की बस में सवार यात्रियों का यहां संयुक्त चिकित्सालय में स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। एसीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि बस में सवार 26 यात्री और चालक व परिचालक के स्वास्थ्य की जांच की गई। सभी यात्री स्वस्थ पाए गए। बस में खटीमा के चार, टनकपुर का एक, चंपावत के 12, लोहाघाट के पांच और पिथौरागढ़ के चार यात्री सवार थे।
जो गोवा, कर्नाटक, केरल से आकर दिल्ली में फंसे थे। बस में सवार टनकपुर का यात्री केरल से लौटा है, जिसे घर में क्वारंटीन रहने की हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द किया गया है। जबकि चंपावत, लोहाघाट और पिथौरागढ़ के यात्रियों को प्रशासन ने रोडवेज बस से गंतव्य को रवाना किया गया।
महिला को एतिहातन आइसोलेट किया गया है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है, इसके अलावा कोरोना संक्रमण जैसे कोई लक्षण अभी दिखाई नहीं दे रहे हैं। फिलहाल नमूना जांच के लिए भेजा गया है। आइसोलेशन में नियमित रूप से वह डाक्टरों की निगरानी पर हैं। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।
-डा. डीएस नेई, अधीक्षक राजकीय अस्पताल
गोवा, केरल, दिल्ली से आए 19 लोगों को क्वारंटीन किया
चंपावत में कोरोना वायरस के खतरों के बीच चंपावत में पहला क्वारंटीन हुआ है। इन 19 यात्रियों को संस्थागत क्वारंटीन किया गया है। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि परीक्षण में स्वस्थ पाए जाने के बावजूद एहतियातन इन यात्रियों को चंपावत के अलग-अलग होटलों में रखा गया है।
दिल्ली में फंसे रोडवेज की बस के जरिये पहाड़ के इन यात्रियों को शुक्रवार दोपहर यहां लाया गया। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक आरके जोशी ने बताया कि स्क्रीनिंग में सभी यात्रियों का तापक्रम सामान्य था। लेकिन एहतियातन इन सभी 19 यात्रियों को चंपावत के होटलों में 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले के रहने वाले 5 अन्य लोगों को पिथौरागढ़ के लिए भेज दिया गया है। इन लोगों को पिथौरागढ़ में क्वारंटीन किया जाएगा।
केएमवीएन के सभी गेस्ट हाउस क्वारंटीन के लिए अधिग्रहित
अल्मोड़ा में कोरोना से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने कुमाऊं मंडल विकास निगम के गेस्ट हाउसों (टीआरसी) को क्वारंटीन सेंटर बनाने के लिए अधिग्रहित कर लिया है। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि अल्मोड़ा, डीनापानी, बिनसर, रानीखेत, मोनाल, दन्या, दुधोली, जागेश्वर, रानीखेत, चिलियानौला में स्थित पर्यटक आवास गृहों में क्वारंटीन सेंटर बनाया जाएगा।
रामनगर में ड्रोन से रखी जा रही नजर
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। शुक्रवार को रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की गई और लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की। वन विभाग के रेंजर संजय पाण्डेय, कोतवाल रवि कुमार सैनी सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने रामनगर के फायर स्टेशन से ड्रोन को संचालित किया।
इस दौरान दोपहर एक बजे बाद अनावश्यक घूम रहे और छतों पर खेल रहे लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की। लखनपुर क्षेत्र में भी ड्रोन उड़ता देख लोग अपनी घरों की खिड़कियों से झांकते नजर आए। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि ड्रोन के माध्यम से नियम तोड़ने वालों पर नजर रखी जा रही है। कोई भी व्यक्ति लॉकडाउन के दौरान बाहर नजर आया तो धारा 188 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।