कोरोना वायरस: उत्तराखंड को ऑक्सीजन सिलिंडर देगा गुजरात, सीएम रुपाणी ने दिया आश्वासन
गुजरात सरकार उत्तराखंड को ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराएगी। यह आश्वासन गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को दिया। राज्य में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री रावत ने सोमवार को गुजरात के मुख्यमंत्री से दूरभाष पर बात की।
उत्तराखंड में कोरोना: 24 घंटे में रिकॉर्ड 128 मरीजों की मौत, 5403 नए संक्रमित मिले
उन्होंने उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने गुजरात सरकार से उत्तराखंड को ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। रुपाणी ने तीरथ को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक जल्द ही गुजरात से उत्तराखंड को ऑक्सीजन सिलिंडर भेजे जा सकते हैं।
देहरादून: ऑक्सीजन और इंजेक्शन के बाद अब अंतिम संस्कार के लिए लगानी पड़ रहीं सिफारिशें, नहीं मिल रहा टोकन
बढ़ती जा रही है ऑक्सीजन की खपत
राज्य में कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ की ऑक्सीजन की खपत भी बढ़ रही है। एक अप्रैल 2020 को प्रदेश में ऑक्सीजन की खपत आठ मीट्रिक टन थी। एक अप्रैल 2021 में यह बढ़कर 15-20 मीट्रिक टन तक हो गई। वर्तमान में 100 मीट्रिक टन तक ऑक्सीजन की खपत है। सरकार पर ऑक्सीजन बेड और ऑक्सीजन सिलिंडर की उपलब्धता का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
कोरोना से निपटने को बलूनी सांसद निधि से देंगे 50 लाख
उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी उत्तराखंड में ऑक्सीजन उपकरणों की खरीद के लिए सांसद निधि से 50 लाख रुपये जारी करेंगे। सांसद बलूनी ने सोमवार को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के साथ कोरोना की स्थिति पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि उपलब्ध संसाधनों के साथ सरकार कोरोना महामारी से मजबूती से लड़ रही है। किंतु संक्रमण की संख्या बढ़ने से सभी मरीजों को ऑक्सीजन सिलिंडर या कंसंट्रेटर उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
सांसद बलूनी ने कहा कि वह अपनी सांसद निधि से कंसंट्रेटर (ऐसा उपकरण जो ऑक्सीजन बनाता है) की खरीद में सहयोग देंगे। इसके लिए अपनी सांसद निधि के नोडल अफसर (जिलाधिकारी पौड़ी) को पत्र लिखकर तत्काल 50 लाख की राशि जारी करने के निर्देश दिए। बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड के दुर्गम क्षेत्रों में इन उपकरणों से उन मरीजों को राहत मिलेगी, जिन्हें ऑक्सीजन की आवश्यकता होती है। बलूनी ने कहा कि वह इस महामारी से निपटने के लिए चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता के लिए कई संस्थाओं के संपर्क में हैं और उनका प्रयास है कि शीघ्र ही राज्य के लिए अन्य चिकित्सा संसाधन भी जुटाए जा सकें। उन्होंने अपील की कि कोरोना से बचने के लिए लोग सभी नियमों का पालन करें।