Uttarakhand Lockdown: 98 लोग दिल्ली मरकज में शामिल होकर लौटे, पीएसी का पहरा, ड्रोन से रखी जा रही नजर
- प्रशासन ने पीएसी के पहरे में बंटवाई राशन और सब्जी
- स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव के सभी लोगों की स्क्रीनिंग जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरिद्वार जिले के श्यामुपर में गैंडीखाता गुर्जर बस्ती पर पीएसी का पहरा बिठा दिया और ड्रोन कैमरे से ग्रामीणों की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। शनिवार को प्रशासन ने ग्रामीणों के लिए सब्जी और राशन पहुंचाई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी ग्रामीणों की स्क्रीनिंग जांच की और कुछ लोगों को दवा भी दी।
एसडीएम कुश्म चौहान ने सभी लोगों को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए। मालूम हो कि शुक्रवार को श्यामपुर क्षेत्र के गैंडीखाता गुर्जर बस्ती को सील कर दिया गया था। पुलिस जांच में पता चला था कि यहां के 98 लोग दिल्ली
मरकज में शामिल होकर लौटे हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने 98 जमातियों के साथ 17 और लोगों क्वारंटीन कर दिया था।
शनिवार को एसडीएम कुश्म चौहान ने गुर्जर बस्ती पहुंची। उन्होंने पूरी बस्ती में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत सभी परिवारों को राशन बंटवाया। इसके अलावा सब्जी मंडी ज्वालापुर से प्रत्येक घर के लिए पांच किलो आलू और दो किलो प्याज भी उपलब्ध कराई। इसी के साथ गांव की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे लगा दिए हैं और बस्ती के बाहर पीएसी का पहरा बैठा दिया है।
दूध की सप्लाई और चारे की व्यवस्था शीघ्र
तीन दिन से आवाजाही बंद होने से पशुपालकों के सामने दूध सप्लाई और पशुओं के लिए चारा की समस्या खड़ी होने लगी है। शुक्रवार शाम का दूध तो शनिवार की सुबह को आधा अधूरा सप्लाई करा दिया गया, लेकिन अब नए निर्देशों के अनुसार दूध कोई खरीद नहीं सकेगा। एसडीएम कुश्म चौहान ने बताया कि दूध की सप्लाई कराने के लिए शीघ्र ही निर्णय लिया जाएगा।
पढें, उत्तराखंड की दिनभर की अपडेट
- उत्तराखंड में शनिवार को कोरोना संक्रमण के छह नए मामले सामने आए हैं। जिसमें पांच संक्रमित नैनीताल के और एक रुड़की का बताया जा रहा है। अब राज्य में कोरोना के कुल 22 पॉजिटिव मामले हो गए हैं।
- चमोली जिले में कोरोना संदिग्ध एक युवती समेत दो लोगों को आइसोलेशन में भर्ती किया गया है। दोनों की रिपोर्ट अभी तक हल्द्वानी से नहीं आई है। जिले में 90 लोगों को क्वारंटीन में रखा गया है, जबकि देश के विभिन्न हिस्सों से जिले में पहुंचे 21 सौ लोगों को होम क्वारंटीन में रखा गया है।
- नैनीताल के जिलाधिकारी सविन बंसल के आदेशों के क्रम में रानीबाग स्थित एएचमटी के खाली पड़े आवासीय भवनों को कोरोना संक्रमण के मद्देनजर अधिग्रहित कर लिया गया है। अधिग्रहण आदेश अपर जिलाधिकारी एसएस जंगपांगी के स्तर से जारी किया गया है। जारी आदेश में कहा गया है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं नियन्त्रण हेतु तात्कालिक आवश्यकताओं को दृष्टिगत आपदा प्रबन्धन अधिनियम 2006 के तहत एचएमटी के खाली पड़े आवासीय भवनों को अग्रिम आदेशों तक अधिग्रहित किया जाता है। आदेश में स्ष्पट किया गया है कि जिन आवासीय भवनों में लोग रह रहे हैं। ऐसे भवनों को अधिग्रहण से मुक्त रखा गया है।
- देशव्यापी महामारी कोविड-19 से जूझने के लिए भारतीय ओलंपिक संघ ने 13 नेशनल खेल संघ, 09 राज्य संघ और छह अन्य संघों के योगदान से पीएम केयर फंड में 71 लाख 14 हजार दो रुपये भेजे हैं। उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके सिंह ने कहा कि पीएम केयर फंड में उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से पांच लाख रुपये की धनराशि दी गई है।
- उत्तराखंड जनरल-ओबीसी एम्पलाइज एसोसिएशन की ओर से शनिवार को कोरोना से बचाव के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में पांच लाख रुपये का योगदान दिया गया। जिला एसोसिएशन के दीप चंद्र जोशी ने कहा कि यह सब प्रांतीय अध्यक्ष दीपक जोशी व उनकी टीम के द्वारा संभव हुआ है।
- रुड़की में पुलिस और प्रशासन ने मौलवी को साथ लेकर लॉकडाउन का पालन करने की अपील की। इस दौरान मौलवी ने सभी से कोरोना संक्रमण रोकने के लिए घर पर रहने की अपील की।
- पंतनगर विवि में क्वारंटीन बाजपुर के दो अन्य जमातियों को भी शनिवार को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेज दिया गया। मुरादाबाद की जमात से लौटे इन दोनों जमातियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार की देर रात पंतनगर में क्वारंटीन किया था। बृहस्पतिवार को रामपुर जमात से पैदल पटरी किनारे लौट रहे हल्द्वानी के 13 जमातियों को रूद्रपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ कर कृषक भवन में क्वारंटीन किया गया था। इनकी सैंपल रिपोर्ट में तीन लोगों के कोरोना पाजिटिव पाए जाने पर प्रशासन में हड़कंप मच गया और इन सभी को शुक्रवार को एसटीएच हल्द्वानी में आइसोलेट कर दिया गया। देश में कोरोना पाजिटिव में जमातियों की अधिकतम संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार को एहतियातन मुरादाबाद की जमात से लौटे बाजपुर के दोनों जमातियों को भी एसटीएच भेज दिया है।
- रानीखेत में दिल्ली में तब्लीगी जमात से लौटे चार जमातियों के ब्लड सैंपल जांच के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भेजे गए हैं। ये चारों क्वारंटीन पर हैं।
- ऊधमसिंह नगर के सितारगंज में सड़क पर खड़े दो गुटों में बहस के बाद फायरिंग हो गई। जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सरकड़ा चौकी प्रभारी ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी का 151 में चालान किया गया है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप पर इन पर मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
- नैनीताल के जिलाधिकारी सविन बंसल ने आदेश दिए हैं कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल को कोरोना स्पेशलिस्ट अस्पताल के रूप में विकसित किया जाना है। इसके लिए उन्होंने एक समिति गठित की है। उन्होंने कहा कि मातृ प्रसूति विभाग का संचालन सुशीला तिवारी अस्पताल में ही किया जाएगा। उन्होंने इसके तहत व्यवस्था बनाने के आदेश दिए हैं और कहा कि यदी किसी भी उपकरण की आवश्यकता हो तो जरूर अवगत कराएं। जिसके लिए उन्होंने दो दिन यानी छह अप्रैल तक का समय दिया है।
- वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी जिले रुद्रप्रयाग के गांवों में प्रशासन ड्रोन से निगरानी कर रहा है। यहां होम क्वारंटीन में रहने वाले लोगों की रोज मॉनिटरिंग की जा रही है।
- देहरादून घंटाघर स्थित मुख्य डाकघर में आज से रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट सेवाएं शुरू कर दी गयी हैं। लेकिन, पार्सल सिर्फ एसेंशियल सर्विस के ही लिए जा रहे हैं। पहले दिन डाकघर में बेहद कम लोग पहुंचे हैं। वहीं, डाकघर ने कर्मचारियों को सैनिटाइज करने की व्यवस्था तो की है, लेकिन लोगों के लिए फिलहाल सैनिटाइजर की सुविधा नहीं दी जा रही है। चीफ पोस्ट मास्टर अमरेंद्र कुमार ने कहा कि वह मुख्यद्वार पर गार्ड को प्रत्येक आदमी को सैनिटाइजर मुहैया कराने को कहेंगे।
- पौड़ी जिले के श्रीनगर में एक महिला सुनीता गैरोला ने अपने बेटे द्वारा दिए गए पचास हजार रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष में जरूरतमंदों की आर्थिक सहायता के लिए दे दिए हैं। सुनीता गैरोला के बेटे अमन गैरोला सेना में अफसर हैं।
- हल्द्वानी में रामपुर रोड पर स्थित मेडिकल स्टोर पर लगी लोगों की भीड़ लगी है। यहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा है। वहीं इंदिरा नगर में दुर्गा मंदिर के पास पानी की लाइनों में गंदा पानी आ रहा है। कोरोना संक्रमण फैलने के दौरान लोग इससे खासे परेशान हैं। लोगों ने जलसंस्थान पर आरोप लगाया और कहा कि पिछले 12 दिनों से यहां पीने के पानी की किल्लत हो रही है।
- गरीबों, मजदूरों की मदद को अब रानीखेत में राजकीय शिक्षक संघ की ताड़ीखेत इकाई भी आगे आई है। संगठन ने जरूरतमंदों के लिए खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध कराई। वहीं रानीखेत के मजखाली में रसोई गैस सिलिंडर लेने के लिए लोग उमड़ पड़े। राजस्व पुलिस ने इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग व्यवस्था बनाई।
- कोटद्वार से गौचर तक तेल के टैंकर में और यहां से मैठाणा तक बाइक में, फ़िर 13 किलोमीटर पैदल चलकर एक युवक गोपेश्वर पहुंचा। थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर क्वारंटीन के लिए भेज दिया है।
लॉकडाउन के दौरान उत्तराखंड के बाजारों में भीड़-भाड काफी कम
- देहरादून के दून अस्पताल में शुक्रवार को कोरोना संदिग्ध जमातियों द्वारा किए गए हंगामे के बाद पुलिसकर्मी, पीएसी के चार जवान, एसडीआरएफ के जवान और एलआईयू के जवान तैनात किए गए हैं।
- श्रीनगर में मंत्री धन सिंह रावत ने अधिकारियों संग कोरोना संक्रमण की जागरुकता फैलाने और लॉकडाउन के मद्देनजर बैठक की। इसके बाद वह पुलिस कर्मियों को किट वितरित करेंगे। वहीं गोपेश्वर में सब्जी की दुकानों में लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नहीं दिखे।
- पिथौरागढ़ जिले के सीमावर्ती झूलाघाट क़स्बे में लॉकडाउन की अवधि में ढील के समय दूध की दुकान में सामाजिक दूरी बनी है। राशन की दुकानों में इसका पालन नहीं हो रहा है। लोग सामान ख़रीदने के लिए बाज़ार में कम आ रहे हैं।
- लॉकडाउन के दौरान उत्तराखंड के बाजारों में भीड़-भाड काफी कम है। बैंकों में भी कम लोग दिखाई दिए। वहीं पुलिस चौराहों और बैंक के बाहर व्यवस्था बनाने में मुस्तैद है।
- राामनगर, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चिलियानोला में बाजार सुनसान पड़े हैं। यहां बैंक, राशन आदि में लोग न के बराबर दिखाई दिए। आलम ये है कि ढील के दौरान कस्बाई इलाकों में भी भीड़ नहीं दिख रही है।
- राजधानी देहरादून में घंटाघर सहित सभी चौराहों पर पुलिस का पहरा लगा हुआ है। लोगों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। चौपहिया वाहनों को आगे जाने नहीं दिया जा रहा है।
- शुक्रवार को देहरादून जिले में 64 और जमातियों को होम क्वारंटीन किया गया है। जबकि दो और जमाती सुद्धोवाला क्षेत्र में संस्थागत क्वारंटीन में रखे गए हैं। अब तक जिले में कुल 185 जमातियों को क्वारंटीन किया जा चुका है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कई टीमें जिले में विभिन्न जगह इनकी तलाश में जुटी है। बकायदा ब्लॉकवार घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है।
- लॉक डाउन के दौरान जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने के लिए तमाम सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और लोगों के प्रयास जारी हैं। अलग-अलग स्थानों पर दानदाताओं ने लोगों तक मदद पहुंचाई। ज्यादातर स्थानों पर प्रशासन और पुलिस के सहयोग से जरूरतमंदों तक पका हुआ भोजन व रसद पहुंचाई जा रही है।
- शुक्रवार को निरंजनपुर मंडी में करीब 600 लोगों के लिए खाने की व्यवस्था शुरू की गई। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष श्याम पंत ने बताया कि क्षेत्र में करीब 600 दिहाड़ी मजदूर, रिक्शा टेंपो चालकों के लिए खाने की व्यवस्था की गई है। अगले कई दिनों तक यह व्यवस्था चलती रहेगी। उन्होंने बताया कि इसमें बाजार पुलिस चौकी और मंडी से आढ़ती गुलाबचंद सोनकर, रिंकू शंकर, सौरभ कपूर, आशीष बंसल, कृष्णा राठौर, मिथुन सोनकर, अमित बिष्ट समेत अन्य सहयोग कर रहे हैं।
- दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल ने कोरोना से लड़ाई के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। व्यापार मंडल के मुख्य संरक्षक पृथ्वीराज चौहान और अध्यक्ष पंकज मैसन ने कहा कि इस भीषण बीमारी से लड़ाई में व्यापार मंडल पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने बताया कि पंकज मैसन, पंकज डिडान, विनीत मिश्रा, सुशील अग्रवाल, विश्वनाथ कोहली, सुरेंद्र भाटिया, विनय नागपाल, अनिल आनंद, अशोक अग्रवाल, महेश मेंदीरत्ता, राकेश किशोर गुप्ता, शेखर फुलारा, हेम रस्तोगी, सुरेंद्र जायसवाल, हरीश गुप्ता, हरीश विरमानी, रवि मल्होत्रा, सुरेश गुप्ता और चरणजीत सिंह बत्रा ने इसमें सहयोग किया है।
- बाजार में डिमांड कम होने के कारण देहरादून की निरंजनपुर मंडी में सब्जियों के ढेर लगने लगे हैं। कुछ सब्जियों के सड़ने की तक नौबत आ गई है। लॉक डाउन के बाद फुटकर बाजार में सब्जियां काफी कम बिक रही हैं। इसके कारण उत्पाद लेकर मंडी पहुंच रहे किसानों को भी परेशान होना पड़ रहा है।