Corona in Uttarakhand: होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को मिल रही अधूरी मेडिकल किट
- किट में न तो ऑक्सीमीटर और न ही थर्मामीटर व सैनिटाइजर
विस्तार
होम आइसोलेशन की सुविधा लेने वाले कोरोना संक्रमण के लक्षण रहित (एसिंप्टोमेटिक) मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से अधूरी मेडिकल किट दी जा रही है। इसमें न तो पल्स ऑक्सीमीटर है और ना ही थर्मामीटर व सैनिटाइजर दिया जा रहा है। जबकि विभाग ने होम आइसोलेशन की गाइडलाइन में विशेष रूप से ऑक्सीमीटर व थर्मामीटर देने की व्यवस्था की थी। जिससे मरीज घर में रह कर स्वयं ही अपना ऑक्सीजन लेबल व बुखार को माप सके।
प्रदेश में लॉकडाउन के दौरान कोरोना संक्रमित मरीज बढ़ने पर सरकार ने होम आइसोलेशन की सुविधा दी थी। जिसमें डॉक्टरों की ओर से चयनित लक्षण रहित मरीज घर में रह कर इलाज करा सकते हैं। इस व्यवस्था के बाद मरीजों को लक्षण रहित मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने से राहत मिली।
सरकार की ओर से यह भी व्यवस्था की गई थी कि होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीज को विभाग की ओर से एक मेडिकल किट दी जाएगी। जिसमें दवाइयों के साथ ही ऑक्सीमीटर व थर्मामीटर भी होगा।
यह भी पढ़ें: Corona in Uttarakhand: एक महीने बाद फिर बढ़े संक्रमित, 24 घंटे में 783 मरीज मिले, छह की मौत
ठीक होने के बाद मरीज को ऑक्सीमीटर वापस लौटना होगा, लेकिन वर्तमान में होम आइसोलेशन में जो किट दी जा रही है। उसमें ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर, सैनिटाइजर व बायोमेडिकल वेस्ट के लिए पॉलिथीन बैग नहीं दिया जा रहा है।
होम आइसोलेशन में रह रहे बंजारवाला निवासी शैलेंद्र भट्ट का कहना है कि विभाग की ओर से जो किट दी गई है। उसमें विटामिन सी की गोलियां, विटामिन डी के पाउच, पैरासीटामोल, सर्जिकल दस्ताने व मास्क, दवाइयां मिली हैं। ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर व सैनिटाइजर नहीं है।
किट में मिलनी चाहिए ये सामग्री
होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को दी जाने वाली किट में एक पल्स ऑक्सीमीटर, एक मरकरी थर्मामीटर, 50 ट्रिपल लेयर सर्जिकल दस्ताने व मास्क, 100 एमएल सैनिटाइजर, विटामिन सी की 15 गोलियां, विटामिन-डी 3 के दो पाउच, पैरासीटामोल की 10 गोलियां व बायोमेडिकल वेस्ट के लिए पॉलिथीन बैग होना चाहिए।
होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को किट में ऑक्सीमीटर व थर्मामीटर दिया जा रहा है। यदि किसी मरीज को नहीं मिला है तो उसे जानकारी ली जाएगी। होम आइसोलेशन मरीजों का नियमित रूप से सर्विलांस टीम ओर से निगरानी की जा रही है।
- अमित सिंह नेगी, सचिव स्वास्थ्य