Coronavirus: दिल्ली में बढ़ रहे संक्रमण से उत्तराखंड में मंडरा रहा कोरोना की दूसरी लहर का खतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों से उत्तराखंड में भी खतरा बढ़ गया है। विशेषकर त्योहारों में आवाजाही अधिक होने से खतरा बढ़ सकता है। इसको लेकर डॉक्टर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील कर रहे हैं।
उत्तराखंड के लोग बड़ी संख्या में दिल्ली में निवास करते हैं। वहीं, दिल्ली के भी बहुत लोग उत्तराखंड में अलग-अलग जगह रहते हैं। इन दिनों दिल्ली में कोरोना के मामले बहुत तेजी से बढ़े हैं। साथ ही वहां संक्रमितों की मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। त्योहारी मौसम में दिल्ली और उत्तराखंड में आवाजाही बढ़ने से कोरोना का खतरा बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: Corona in Uttarakhand: गुरुवार को 451 नए संक्रमित मिले, सात मरीजों की हुई मौत
लापरवाही बरत रहे लोग, पड़ेगी भारी
डॉक्टरों के अनुसार कोरोना को लेकर लोग लापरवाह होने लगे हैं। बाजारों में जबरदस्त भीड़ हो रही है। ज्यादातर लोग मास्क, सैनिटाइजेशन व सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। भीड़ में कौन बीमार और संक्रमित है, इसका पता लगाना बहुत मुश्किल है। इसके चलते बीमारी के फैलने का खतरा बहुत अधिक बढ़ गया है।
डाक्टरों ने जताई चिंता
-डॉ. मनोज उप्रेती, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, कोरोनेशन जिला अस्पताल
कोई भी संक्रमित व्यक्ति यदि स्वस्थ व्यक्ति के संपर्क में आता है तो बीमारी के फैलने का खतरा बढ़ जाता। त्योहारों में जिस तरह की भीड़ बाजारों में हो रही है, उसको देखकर कहा जा सकता है कि कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। दिल्ली और उत्तराखंड के बीच आवाजाही बढ़ने से भी मामले बढ़ने का अनुमान है। त्योहारों के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी होगा।
-डॉ. अनुराग, नोडल अफसर, कोविड-19 अस्पताल
कोरोना की दूसरी लहर कहीं बन न जाए कहर
बीते एक सप्ताह में प्रदेश में कोरोना संक्रमित मामलों और मरने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। संक्रमण रोकने के लिए सरकार और स्वास्थ्य विभाग की चिंतित है।
त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ से जाहिर है कि लोगों में अब कोरोना संक्रमण का डर नहीं रहा है, लेकिन सर्दी बढ़ने और त्योहारी सीजन में बढ़ रही भीड़ से कोरोना की दूसरी लहर कहर बन सकती है। सरकार की ओर से लगातार से लोगों को मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की सलाह दी जा रही है।
नियमों का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती करने के दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। 31 अक्तूबर तक प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 62328 थी और मरने वालों का आंकड़ा 1023 था। जो 12 दिनों में बढ़ कर संक्रमितों की संख्या 67239 और मरने वालों का आंकड़ा 1093 हो कई है। एक सप्ताह के भीतर प्रदेश में 3174 लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। वहीं, 47 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है।
दिल्ली में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। त्योहारी सीजन में सबसे अधिक प्रवासी दिल्ली से लौट रहे हैं। साथ ही बाजारों में एक गज की शारीरिक दूरी नजर नहीं आ रही है। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा जाता है। आने वाले 15 दिन तक कोरोना संक्रमण को रोकना सरकार व विभाग के लिए सबसे बड़ी चुनौती है।
एक सप्ताह में मिले संक्रमित
दिन संक्रमित मामले मौत
6 नवंबर 473 09
7 नवंबर 498 08
8 नवंबर 243 02
9 नवंबर 398 10
10 नवंबर 328 05
11 नवंबर 783 06
12 नवंबर 451 07
...............
कुल 3174 47
पिछले एक सप्ताह में कोरोना संक्रमित मामले बढ़े हैं। अभी कोरोना का खतरा कम नहीं हुआ है। लोगों को नियमों का पालन कर सतर्क रहना होगा। तभी कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है। सरकार व विभाग की ओर से संक्रमण से बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। संक्रमण रोकने में लोगों को सहयोग सबसे जरूरी है।
- अमित नेगी, सचिव स्वास्थ्य