Corona In Uttarakhand: 24 घंटे में 11 मरीजों की मौत, 184 नए संक्रमित मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण तो काबू में आ गया है, लेकिन मरीजों की मौतें थम नहीं रही हैं। एक महीने के बाद सर्वाधित कोरोना मरीजों की मौत हुई है। बीते 24 घंटे के भीतर 11 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। वहीं, 184 नए संक्रमित मिले हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 93961 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को 12587 सैंपल जांच में निगेटिव पाए गए। देहरादून जिले में 89 कोरोना मरीज मिले हैं। नैनीताल में 43, हरिद्वार में 18, ऊधमसिंह नगर में नौ, पौड़ी में छह, उत्तरकाशी में चार, अल्मोड़ा में चार, टिहरी में तीन, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व चमोली जिले में दो-दो, पिथौरागढ़ व चंपावत जिले में एक-एक कोरोना संक्रमित मिले हैं।
पिछले 24 घंटे में 11 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। इसमें सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में चार, एम्स ऋषिकेश में एक, दून मेडिकल काॅलेज में दो, कैलाश हाॅस्पिटल में दो, श्री महंत इन्दिरेश हाॅस्पिटल में एक, उजाला हाॅस्पिटल काशीपुर में एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हुई है।
यह भी पढ़ें: Corona Vaccination In Uttarakhand: 309 केंद्रों पर आज कोरोना टीकाकरण का पूर्वाभ्यास, 16 जनवरी को टीकाकरण अभियान की शुरुआत
प्रदेश में 1589 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, 276 कोरोना मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। इन्हें मिला कर 88472 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। प्रदेश की रिकवरी दर पहली बार 94 प्रतिशत से अधिक हो गई है। जबकि मृत्यु दर बढ़ कर 1.69 प्रतिशत पहुंच गई है।
टीकाकरण को लेकर हुआ अभ्यास
आगामी 16 जनवरी से प्रस्तावित कोरोना टीकाकरण को लेकर हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट समेत विभिन्न सरकारी अस्पतालों में ड्राई रन किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों को कोविड टीकाकरण की जानकारियां दी गई।
जौलीग्रांट अस्पताल में सीएमओ डॉ. एके डिमरी ने कोरोना टीकाकरण के लिए व्यवस्थाओं को जांचा-परखा। हिमालयन अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एसएल जेठानी ने बताया कि सीएमओ देहरादून ने सभी व्यवस्थाओं को स्थलीय निरीक्षण किया।
अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. संजय दास ने बताया कि प्रस्तावित कोरोना टीकाकरण के लिए हिमालयन आर्युविज्ञान संस्थान में दस बूथ बनाए गए है। सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लेगी और प्रत्येक बूथ में सौ लोगों का टीकाकरण होगा।
वहीं, दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केएस भण्डारी ने बताया कि मंगलवार को डोईवाला के अलावा भानियावाला, दूधली, थानो, बालावाला आदि कई स्थानों पर ड्राई रन हुआ। प्रस्तावित टीकारण के लिए प्रभावी तरीके से पूर्वाभ्यास किया गया। पूर्वाभ्यास में हैल्थ वर्करों को शामिल किया गया। ड्राई रन उपजिलाधिकारी लक्ष्मीराज चौहान की देखरेख में हुआ।