Coronavirus In Uttarakhand: 24 घंटे में 103 संक्रमित मामले मिले, चार मरीजों की हुई मौत
- संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम
- सात जिलों में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला
- कुल संक्रमितों की संख्या 96384 हुई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमित मामलों और मरीजों की मौत में कमी आई है। पिछले 24 घंटे के भीतर 103 नए संक्रमित मामले मिले और चार मरीजों की मौत हुई है। संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम रही। सात जिलों में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला है। कुल संक्रमितों की संख्या 96384 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को 7586 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, दो सप्ताह के बाद एक दिन में सौ से ज्यादा संक्रमित मामले मिले हैं। 24 जनवरी के बाद से प्रदेश में रोजाना सौ से कम कोरोना संक्रमित मिल रहे थे। देहरादून जिले में 67 कोरोना मरीज मिले हैं। नैनीताल जिले में 16, हरिद्वार में आठ, ऊधमसिंह नगर में सात, पिथौरागढ़ में तीन, अल्मोड़ा जिले में दो संक्रमित मिले हैं।
गुरुवार को प्रदेश में चार संक्रमितों की मौत हुई। एम्स ऋषिकेश में एक, कैलाश हॉस्पिटल में एक, सिनर्जी हाॅस्पिटल में एक, अरिहंत हाॅस्पिटल में एक मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है। प्रदेश में 1659 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, 92 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया है। इन्हें मिलाकर 92372 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 1002 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है।
71 प्रतिशत हेल्थ वर्करों ने वैक्सीन लगवाकर की कोरोना से हिफाजत
प्रदेश में चल रहे पहले चरण के कोरोना टीकाकरण अभियान में 71 प्रतिशत स्वास्थ्य कर्मचारियों (हेल्थ वर्करों) ने वैक्सीन लगवाकर कोरोना वायरस से हिफाजत कर ली है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के 168 बूथों पर 8705 कर्मियों ने वैक्सीन लगवाई है। अभियान के 20 दिनों में 62658 हेल्थ वर्करों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए पहले चरण में प्रदेश के 87588 हेल्थ वर्करों को वैक्सीन लगाई जानी है। बृहस्पतिवार को 13 जिलों में 168 टीकाकरण बूथों पर 8705 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की पहली खुराक दी गई। अब तक 71 प्रतिशत हेल्थ वर्करों को टीका लगाने से कोरोना वायरस से सुरक्षा कवज मिला है।
राज्य कोविड कंट्रोल रूम के चीफ ऑपरेटिंग आफिसर डॉ.अभिषेक त्रिपाठी का कहना है कि प्रदेश में टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक चल रहा है। प्रदेश में वैक्सीन का गंभीर प्रभाव नहीं मिला है।
स्वास्थ्य कर्मियों को सात फरवरी तक ही वैक्सीन लगाई जाएगी। इस तिथि तक यदि कोई हेल्थ वर्कर वैक्सीन लगाने नहीं आता है तो उसे दोबारा मौका नहीं मिलेगा। आठ फरवरी से प्रदेश में फ्रंट लाइन वर्करों को कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी।