Coronavirus in uttarakhand: जिन जिलों में ज्यादा सैंपलिंग, वहीं सामने आ रहे अधिक संक्रमित मामले
उत्तराखंड में कोरोना वायरस के संदिग्ध लक्षणों की जांच के लिए चार जिलों में ही सैंपलिंग पर फोकस है। जिन जिलों में ज्यादा सैंपलिंग हो रही है। वहीं संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं।
प्रदेश के अन्य जनपदों में भी सैंपलिंग बढ़ती है तो कोरोना संक्रमित के मामले मिल सकते हैंं। प्रदेश के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में कोरोना संदिग्ध मामलों की जांच के लिए ज्यादा सैंपल लेकर भेजे जा रहे हैं।
15 मार्च से लेकर अब तक स्वास्थ्य विभाग ने पूरे प्रदेश से 4062 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। जिसमें से 3491 सैंपल निगेटिव मिले हैं।
आईसीएमआर की गाइडलाइन के मुताबिक लिए जा रहे सैंपल
देहरादून में 22, नैनीताल में नौ, हरिद्वार में सात और ऊधमसिंह नगर में तीन संक्रमित मिले हैं। अपर सचिव युगल किशोर पंत ने बताया कि आईसीएमआर की गाइडलाइन के मुताबिक कोरोना संक्रमण की जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं।
देहरादून में प्रति लाख पर 71 सैंपल, नैनीताल में 52 , हरिद्वार में 51 और ऊधमसिंह नगर में प्रति लाख पर 23 सैंपल की जांच हो रही है। इन चार जिलों में कोरोना के संदिग्ध मरीज ज्यादा आ रहे हैं। जिसमें सैंपलों की संख्या भी अधिक है।