Coronavirus in Uttarakhand : क्वारंटीन सेंटर में युवती ने कांच का गिलास तोड़कर काटी कलाई, हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नैनीताल नगर के सूखाताल स्थित क्वारंटीन सेंटर में बीते कुछ दिनों से क्वारंटीन एक युवती ने सोमवार को आत्महत्या की कोशिश की। युवती ने गिलास तोड़कर नुकीले कांच से कलाई काट ली। इससे केंद्र में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद युवती की हालत में सुधार है।
Coronavirus in Uttarakhand : सोमवार को मिले 207 नए मामले, कंटेनमेंट जोन तीन सौ के पार
पुलिस के अनुसार, शनिवार को सूखाताल स्थित बंगाली कॉलोनी में एक परिवार के चार लोगों को सूखाताल टीआरसी में क्वारंटीन किया था। परिवार की 23 वर्षीय युवती सोमवार को फोन पर अपने प्रेमी से बात कर रही थी। तभी किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद युवती आपा खो बैठी और पास में रखे कांच के गिलास को तोड़कर नुकीले कांच से अपनी कलाई काट ली।
वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों ने अस्पताल प्रबंधन को इसकी सूचना दी। तुरंत मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने घायल युवती का अस्पताल में इलाज कराया। बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि युवती ने कांच से कलाई काटने की कोशिश की है। हाथ में हल्की खरोंच आई है।
दो केंद्रों में 26 लोग क्वारंटीन
युवती की काउंसिलिंग और प्राथमिक इलाज कर उसे दोबारा क्वारंटीन सेंटर भेज दिया है। वहीं एएसआई सत्येंद्र गंगोला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, लेकिन अब तक मामले में किसी भी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई है।
टीआरसी सूखाताल में 25 लोग क्वारंटीन हैं, इनमें 14 पुरुष और 11 महिलाएं हैं। टीआरसी तल्लीताल स्थित क्वारंटीन सेंटर में एक पुरुष क्वारंटीन है।
गेट पर रहती है पुलिस
सुरक्षा की दृष्टि से दोनों क्वारंटीन केंद्रों में पुलिस तैनात रहती है, लेकिन कांस्टेबल की ड्यूटी गेट पर ही रहती है। इससे केंद्र के भीतर की गतिविधियों की जानकारी उन्हें नहीं होती। वहीं, क्वारंटीन किए लोगों के लिए एक काउंसलर की भी व्यवस्था क्वारंटीन सेंटर में की गई है। वह क्वारंटीन हुए लोगों की रोजाना काउंसिलिंग करते हैं।
युवती के कलाई काटने के मामले की जांच कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट कार्रवाई करेंगे।
- विनोद कुमार, एसडीएम नैनीताल
कांग्रेस ने मांगा मुख्यमंत्री से राहत कोष का हिसाब
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से राहत कोष में जमा धनराशि का हिसाब मांगा है। कांग्रेस ने कहा है कि कोरोना संकटकाल में राहत कोष में जमा किए गए पैसे को कहां खर्च किया गया, मुख्यमंत्री इसका जवाब दें।
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि भाजपा लगातार कांग्रेस पर अनावश्यक रूप से हमला कर रही है। कांग्रेस ने अपने दम पर कोरोना संकट काल में जरूरतमंद लोगों, असहायों, मजदूरों, गरीबों को राशन की किट व सोनिया रसोई व इंदिरा अम्मा रसोई के माध्यम से पका हुआ भोजन पहुंचाया।
यह प्रक्रिया आज भी लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सरकारी स्तर पर राशन बांटा है और किसी ने भी अपने स्तर से कोई प्रयास नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि आरटीआई से मुख्यमंत्री राहत कोष के अंशदान का खुलासा हो गया है और मुख्यमंत्री राहत कोष में सबसे ज्यादा अंशदान नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदेयश, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के साथ कांग्रेस के विधायकों ने सर्वाधिक अंशदान दिया, लेकिन भाजपाई विधायकों ने मूल वेतन ही राहत कोष में दिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंदों, गरीबों, मजदूरों, असहाय लोगों को पके हुए भोजन, राशन, मॉस्क, सैनिटाइजर, गलब्स आदि उपलब्ध कराने का काम किया है।
कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो अस्पताल से भागा युवक, केस दर्ज
रुद्रपुर में एक युवक कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वह जिला अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस में उसकी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने फरार हुए संक्रमित युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिमला बहादुर निवासी एक युवक की कुछ दिनों से तबियत खराब चल रही थी। रविवार को उसे कोरोना टेस्ट कराने के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। सोमवार को रिपोर्ट आने पर वह पॉजिटिव निकला था।
इसका पता चलते उक्त युवक जिला अस्पताल से फरार हो गया। कोरोना पॉजिटिव युवक के अस्पताल से अचानक फरार होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। युवक के खिलाफ पंतनगर थाने में लॉकडाउन उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि फरार युवक की तलाश की जा रही है।