उत्तराखंड में कोरोना: बुधवार को मिले 23 नए संक्रमित, एक भी मरीज की मौत नहीं
Corona cases in Uttarakhand Today: बुधवार को प्रदेश में पांच जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, रुद्रप्रयाग और ऊधमसिंह नगर में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 23 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। जबकि 16 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। सक्रिय मामलों की संख्या 256पहुंच गई है।
उपलब्धि: उत्तराखंड में कोविड टीका लगवाने वालों का आंकड़ा एक करोड़ पार, 94 फीसदी को लगी पहली डोज
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, बुधवार को 17598 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। पांच जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, रुद्रप्रयाग और ऊधमसिंह नगर में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है। वहीं, चमोली और नैनीताल में दो-दो, देहरादून में छह, हरिद्वार और टिहरी में एक-एक, पौड़ी और पिथौरागढ़ में चार-चार व उत्तरकाशी में तीन संक्रमित सामने आए हैं।
प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 343428 हो गई है। इनमें से 329695 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक कुल 7391 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश की रिकवरी दर 96 प्रतिशत और संक्रमण दर 0.13 प्रतिशत दर्ज की गई है।
वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने नहीं आ रहे लोग
देहरादून में कोरोना से लोगों को बचाने के लिए सरकार, शासन व स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जल्द से जल्द सभी लोगोें का टीकाकरण किया जाए, लेकिन तमाम लोग ऐसे हैं जो टीके की दूसरी डोज लगवाने के लिए नहीं आ रहे हैं। इससे स्वास्थ विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।
टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ. दिनेश चौहान ने बताया कि जिले में 99.24 फीसदी लोगों को टीके की पहली डोज लगाई जा चुकी है। वहीं टीके की दूसरी डोज लगवाने वालों का आंकड़ा सिर्फ 43 फीसदी तक पहुंचा है, जो काफी कम है। लोगों को जल्द से जल्द टीका लगाया जा सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 160 केंद्रों पर टीकाकरण किया जा रहा है। दूरदराज के इलाकों में 22 मोबाइल टीमें भी टीकाकरण में लगाई गई हैं।
इसके बावजूद टीके की दूसरी डोज लगवाने के लिए लोग आगे नहीं आ रहे हैं। डॉ. चौहान ने कहा कि लोग टीके की दूसरी डोज भी लगवाएं, इसके लिए बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी है। इसमें विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही सामाजिक संगठनों की भी मदद ली जाएगी।
डॉ. चौहान ने बताया कि जिले में टीके की कोई कमी नहीं है। जिन लोगों को टीके की पहली व दूसरी डोज लगवानी है वे आधार कार्ड के साथ टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचे और पंजीकरण कराने के साथ ही टीका लगवाएं।