फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Coronavirus in Uttarakhand: 31 New Patients Tested Covid 19 Positive Today

Coronavirus: रविवार को उत्तराखंड में मिले 31 कोरोना संक्रमित, 3100 पार पहुंचा मरीजों का आंकड़ा

Sun, 05 Jul 2020 08:14 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: अलका त्यागी Updated Sun, 05 Jul 2020 08:14 PM IST
सार

  • प्रदेश में 30 इलाके कंटेनमेंट जोन से बाहर
  • टिहरी में अब कोरोना का एक भी एक्टिव केस नहीं
  • कोरोना को मात देकर घर लौटी पांच महीने की बच्ची

विज्ञापन
Coronavirus in Uttarakhand: 31 New Patients Tested Covid 19 Positive Today
- फोटो : फाइल फोटो

विस्तार

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमित मरीजों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को प्रदेश में 31 नए मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही अब प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 3100 पार पहुंच गई है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने इसकी पुष्टि की है

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पौड़ी और हरिद्वार में एक-एक कोरोना संक्रमित मरीज मिला है। वहीं, देहरादून में सबसे ज्यादा 12 संक्रमित मरीज मिले हैं। जबकि नैनीताल में सात मरीज सामने आए हैं। वहीं, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में चार-चार संक्रमित मिले हैं।
विज्ञापन



बता दें कि इसे मिलाकर अब प्रदेश में मरीजों की संख्या 3124 पहुंच गई है। अब तक प्रदेश में 2524 संक्रमित मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। अभी भी 530 एक्टिव केस हैं। जबकि अब तक 42 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


340 कोविड केयर सेंटरों में 22 हजार 600 बेड खाली 
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश में अब तक 340 कोविड केयर सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। इन सेंटरों में 22 हजार 600 बेड फिलहाल खाली हैं। संक्रमण को रोकने के लिए सरकार का कांटेक्ट ट्रेसिंग और सर्विलांस पर जोर है।

प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 500 से भी कम है, कोविड केयर सेंटरों में साढ़े बाइस हजार से ज्यादा बेड खाली हैं। प्रभारी सचिव डॉ.पंकज कुमार पांडेय का कहना है कि प्रदेश में रोजाना आ रहे कोरोना संक्रमित मामलों की तुलना में प्रदेश में कई गुना इंतजाम किए गए हैं।

कोविड केयर सेंटरों के अलावा पांच समर्पित कोविड अस्पतालों में 825 और 12 कोविड हेल्थ सेंटरों में एक हजार से अधिक बेड की व्यवस्था है। जिलों की जरूरतों के अनुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

प्रदेश में 30 इलाके कंटेनमेंट जोन से बाहर

प्रदेश में कोरोना संक्रमण केे मामलों में गिरावट आने के बाद कंटेनमेंट जोन भी धीरे-धीरे कम हो रहे हैं। प्रदेश के 30 इलाके कंटेनमेंट जोन से बाहर हो गए हैं। संक्रमित मामलों के आधार पर छह जिलों में 82 कंटेनमेंट जोन वर्तमान में है। 

राज्य में कोरोना संक्रमित मामले बढ़ने के साथ ही प्रदेश में कंटेनमेँट जोन की संख्या 112 तक पहुंच गई थी, लेकिन अब संक्रमित मामलों में कमी आने से कंटेनमेंट जोन भी कम हो गए हैं। वर्तमान में हरिद्वार जिले में सबसे अधिक 61 कंटेनमेंट जोन है।

जबकि देहरादून में इनकी संख्या घटकर छह हो गई है। ऊधमसिंह नगर जिले में चार, टिहरी में पांच, उत्तरकाशी में चार और नैनीताल जिले में दो कंटेनमेंट जोन है। बता दें कि कंटेनमेंट जोन में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी तरह की गतिविधियों और लोगों के आवाजाही पर रोक है।

टिहरी में अब कोरोना का एक भी एक्टिव केस नहीं

टिहरी जिले के लिए ये राहत की खबर है। अब कोरोना संक्रमण का कोई भी एक्टिव केस नहीं है। कोविड केयर सेंटर से सभी मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। रविवार को डीएम ने कुट्ठा गांव के दो लोगों के होम क्वारंटीन का पालन न करने पर उन्हें बौराड़ी स्थित होटल में संस्थागत क्वारंटीन कराया।

टिहरी जिले में कुल 421 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। दो लोगों की मौत हो गई थी। सभी कोरोना पॉजिटिव लोगों को कोविड केयर सेंटर सुरसिंगधार में आइसोलेट किया गया था, लेकिन अब सभी लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने बताया कि रविवार को जिले में कोई भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं मिला है। 

जिले में भिलंगना ब्लॉक में सर्वाधिक 185 लोगों में कोरोना के लक्षण मिले थे, जबकि जाखणीधार में 41, प्रतापनगर और देवप्रयाग में 39-39, थौलधार 36, चंबा 32, जौनपुर 24, नरेंद्रनगर 15 और कीर्तिनगर में आठ पॉजिटिव केस मिले थे। प्रतापनगर और देवप्रयाग ब्लॉक में अन्य राज्यों से आए एक-एक संक्रमिक की मौत हुई थी। वर्तमान तक 4232 लोगों की सैंपलिंग हुई, जिनमें से 3235 की रिपोर्ट निगेटिव मिली। अभी भी 267 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। 964 लोग संस्थागत और 2354 लोग होम क्वारंटीन में रखे गए हैं। 

डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कुट्ठा पहुंचकर क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण किया। कहा कि क्वारंटीन संबंधी जानकारी देने के लिए मोबाइल नंबर 7983340807 जारी किया गया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति सूचना दे सकते हैं। उन्होंने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को होम क्वारंटीन का पालन न करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाने के निर्देश दिए। 

कोरोना को मात देकर घर लौटी पांच महीने की बच्ची

जयहरीखाल ब्लॉक के एक गांव की निवासी पांच महीने की बच्ची कोरोना से जंग जीतकर स्वस्थ हो गई है। शनिवार को बेस अस्पताल कोटद्वार से बच्ची अपने माता-पिता के साथ घर लौट गई है। बेस अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. वीसी काला की अगुवाई में मेडिकल टीम ने बच्ची को विदाई दी।

गत 16 जून को नोएडा से लौटा बच्ची का परिवार गांव के क्वारंटीन सेंटर में रह रहा था। 22 जून को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डाडामंडी की मेडिकल टीम यहां से रैंडम सैंपलिंग कर ले गई थी।

इसमें उसके माता-पिता की रिपोर्ट तो निगेटिव आई, लेकिन पांच महीने की बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर जयहरीखाल के चिकित्साधिकारी डॉ. पुंकेश कुमार ने इसकी सूचना बेस अस्पताल को दी। तब से बच्ची का उपचार बेस अस्पताल में चल रहा था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed