कोरोना वायरस: चीन से बाजपुर पहुंचे 12 लोग डॉक्टरों की निगरानी में, एल्कोमीटर से जांच पर रोक
- सीएमओ ने बनबसा और टनकपुर जांच केंद्रों का किया निरीक्षण
- नेपाल के सीमांत क्षेत्रों में जाकर लोगों को भी किया जागरूक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना वायरस के अलर्ट के चलते चीन से होकर क्षेत्र में लौटे 12 लोगों के स्वास्थ्य की निगरानी डॉक्टरों की दो टीमें कर रही हैं। हालांकि प्रारंभिक जांच में उनमें कोरोना जैसा कोई लक्षण नहीं है। सीएमएस डॉ. माथुर ने बताया कि इन 12 लोगों के स्वास्थ्य की जांच रिपोर्ट तैयार कर रोजाना सीएमओ को भेजी जा रही है।
कोरोना के खौफ के चलते अब ऊधमसिंह नगर में भी पुलिस ने एल्कोमीटर से वाहन चालकों की जांच पर रोक लगा दी है। ड्रंक एंड ड्राइव रोकने के लिए पुलिस कर्मी अगले आदेश तक इसका प्रयोग नहीं करेंगे। जरूरत पड़ने पर वाहन चालक का ब्लड सैंपल लिया जा सकेगा।
नेपाल सीमा से लगे चंपावत जिले में भी टनकपुर-बनबसा में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ नेपाल के रास्ते आने-जाने वालों की जांच कर रहा है। मगर सीमा से लगे चूका क्षेत्र से आने वाले नेपाली नागरिकों की न तो कोई जांच हो रही है और न ही इस स्थान पर कोई स्वास्थ्य शिविर लगा है।
सीमांत कैलाली जिले के धनगढ़ी मुख्यालय में चीन से लौटे छात्र में कोरोना वायरस जैसे लक्षण मिलने के मामले में छात्र की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने से भारतीय सीमा क्षेत्र में फैली दहशत से राहत मिली है। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने जांच केंद्रों का निरीक्षण किया। सीएमओ ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां निरीक्षण करने आ सकती है।
देहरादून में भी एल्कोमीटर से चेकिंग पर लगी रोक
चीन में जान लेवा कोरोना वायरस के संक्रमण को अब पुलिस भी सतर्क हो गई है। देहरादून में शराबी वाहन चालकों की धरपकड़ को लेकर एल्कोमीटर से होनी वाली चेकिंग पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। अब शक होने पर ब्लड सैंपल लेकर जांच की जाएगी।
डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने थाना प्रभारियों, यातायात, सीपीयू कर्मियों को अग्रिम आदेशों तक किसी भी वाहन चालक की शराब पीने की जांच एल्कोमीटर से नहीं करने के निर्देश जारी किए है। पुलिस अपनी कार्रवाई के दौरान ऐसे उपकरण का फिलहाल प्रयोग नहीं किया जाएगा, जिससे किसी व्यक्ति का संक्रमण अन्य व्यक्ति को स्थानांतरित होने की आशंका हो। नशे में होने की जांच डॉक्टरी मुआयना के अलावा ब्लड और यूरिन का सैंपल लेकर सुनिश्चित की जाएगी।
डीआईजी के इस आदेश के बाद कहा जा रहा है कि पुलिस ने जान लेवा कोरोना वायरस को लेकर यह कदम उठाया है। हालांकि डीआईजी जोशी का कहना है कि बदलते मौसम से कई तरह की बीमारी होने की आशंका बनी हुई है। इसी लिहाज से एल्कोमीटर के प्रयोग पर कुछ समय के लिए रोक लगाई गई है, ताकि किसी को पुलिस पर उंगली उठाने का मौका ना मिल सके।
बता दे कि शहर क्षेत्र में रात में शराब पीकर वाहन चलाने वालों की एल्कोमीटर से चेकिंग की जाती थी। रोजमर्रा पुलिस रात में 20 से 30 वाहन चालकों पर कार्रवाई करती थी। हालांकि एल्कोमीटर के प्रयोग को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। दून पुलिस से पहले बंगलूरू पुलिस भी कोरोना वायरस को लेकर एल्कोमीटर के प्रयोग को प्रतिबंधित कर चुकी है।