लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सहसपुर ब्लॉक मुख्यालय के बाहर धरना दिया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों ने सरकार को महंगाई रोकने के मामले में असफल बताया। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार को जनविरोधी बताते हुए सरकारों से इस्तीफे की मांग की।
डीजल, पेट्रोल, एलपीजी गैस समेत सभी प्रकार के सामान की दिन-प्रतिदिन बढ़ रही कीमतों के विरोध में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार जानबूझकर जनता को शोषण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई को रोकने के बजाय सरकार आए दिन पेट्रो उत्पादों की कीमतें बढ़ा रही है। इससे भवन निर्माण सामग्री से लेकर आटा-दाल व सब्जी तक सभी कुछ महंगा हो रहा है, जिसका खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। हालत यह है कि देश की एक बड़ी आबादी अत्यधिक महंगाई के कारण दो वक्त की रोटी का जुगाड़ तक नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण जहां एक ओर देश की जनता त्रस्त होकर रह गई है। वहीं दूसरी ओर सरकार अपने कुछ खास मित्र उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए उनके कर्जे माफ करने में जुटी हुई है। धरनास्थल पर कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष मेघ सिंह, रमेश चंद, डॉ. इकबाल सिद्दीकी, आजाद, मुकेश कुमार, मनोज रावत, आकाश आजाद, नीतीश मौर्या, चिरंजीलाल और तनवीर शेख उपस्थित रहे।