कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल की हालत में सुधार, एयर एंबुलेंस से मेदांता अस्पताल किया रेफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वास्थ्य में सुधार के बावजूद पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल को एयर एंबुलेंस से नोएडा के मेदांता अस्पताल ले जाया गया है। वहां उनका उच्च स्तरीय स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
शुक्रवार को लमगड़ा ब्लॉक के आरा सल्फर में एक कार्यक्रम के दौरान कुंजवाल को दिल का दौरा पड़ गया था। अल्मोड़ा स्थित बेस अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें शुक्रवार की देर रात हल्द्वानी के बृजलाल अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
शनिवार की सुबह बृजलाल अस्पताल में डॉ. योगेश नागेंद्र और डॉ. सुमित जाधव ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉ. योगेश नागेंद्र ने बताया कि बेसिक जांच के बाद उन्हें जरूरी दवाइयां दी गईं जिससे उनकी हालत में सुधार हुआ।
डॉ. नागेंद्र ने बताया कि कुंजवाल की वर्ष 2003 में दिल्ली के अपोलो अस्पताल में बाईपास सर्जरी हुई थी। अपोलो के जिस डॉक्टर ने कुंजवाल की बाईपास सर्जरी की थी वह इन दिनों नोएडा के वेदांता अस्पताल में हैं।
परिजन कुंजवाल को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य परीक्षण के लिए वेदांता ले जाना चाहते थे इसलिए उनकी यहां एंजियोग्राफी नहीं हुई। परिजनों के आग्रह पर कुंजवाल के लिए दिल्ली से एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। दोपहर सवा बारह बजे के करीब कुंजवाल को अस्पताल की एंबुलेंस से सड़क मार्ग से पंतनगर तक ले जाया गया, जहां से उन्हें एयर एंबुलेंस से नोएडा को ले जाया गया।
पंतनगर एयरपोर्ट पर मेदांता हॉस्पिटल की एयर एंबुलेंस दोपहर 02:10 बजे पहुंची और 02:44 बजे एयर एंबुलेंस ने कुंजवाल को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरी। उनके साथ हल्द्वानी और मेदांता के डॉक्टरों की टीम भी गई है।
हरीश रावत, इंदिरा हृदयेश समेत कई नेता पहुंचे
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, विधायक राम सिंह कैड़ा, मेयर डॉ. जोगेंद्र सिंह रौतेला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी, हरीश दुर्गापाल, मनोज तिवारी, सुमित हृदयेश, व्यापारी नेता नवीन वर्मा, गोविंद बगड़वाल, चंपावत के जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी, हेमंत बगड़वाल, ललित जोशी, कृपाल सिंह मेहरा, सुभाष पांडे आदि ने अस्पताल पहुंचकर कुंजवाल का हालचाल जाना।