वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीश रावत का बयान, मोदी ने गंगा को भुलाया, किसानों को रुलाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि मोदी सरकार ने गंगा को भुलाया और किसानों को रुलाया है। अब गंगा भाजपा को रुलाने वाली है। उन्होंने मोदी सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी।
बृहस्पतिवार की सुबह झबरेड़ा से शुरू हुई गंगा गन्ना यात्रा को लेकर देर शाम हरिद्वार पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हरकी पैड़ी चौकी के पास यात्रा को विराम दिया। अंधेरा होने के कारण उन्होंने गंगा पूजन नहीं किया। शुक्रवार की दोपहर को गंगा पूजन के साथ यात्रा का विधिवत समापन होगा। हरकी पैड़ी चौकी के बाहर स्टूल पर खड़े होकर सभा को संबोधित करते हुए हरीश रावत ने कहा कि बनारस में नरेंद्र मोदी यह कहकर चुनाव लड़ने आए थे कि मुझे मां गंगा ने बुलाया है।
मां गंगा के आशीर्वाद से वे जीते और प्रधानमंत्री बन गए, लेकिन सत्ता पाते ही उन्होंने मां गंगा को भुला दिया। गंगा की स्वच्छता और निर्मलता के लिए कोई कदम नहीं उठाया। जुमलेबाजी से पूरी सरकार चलाने वाले मोदी की नमामि गंगे जैसी योजना भी जुमला ही साबित हुई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में गंगा की उपेक्षा हुई है। इसी तरह मोदी सरकार ने किसानों की भी घोर उपेक्षा की। उन्होंने कहा कि गन्ने का भुगतान न होने से किसान परेशान हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि यदि भाजपा सरकार ने किसानों का गन्ना भुगतान नहीं किया तो वे विधानसभा सत्र के दौरान धरने पर बैठेंगे।
उन्होंने सवर्णों को आरक्षण दिए जाने को भी मोदी सरकार का नया जुमला बताया। हरिद्वार पहुंचने पर यात्रा का पुल जटवाड़ा, ज्वालापुर, सिंहद्वार, सेवा समिति भवन, हरिद्वार कोतवाली के बाहर, गंगा टाकिज आदि स्थानों पर पूर्व मुख्यमंत्री और उनके साथ चल रहे कांग्रेसियों का स्वागत किया गया। यात्रा में साथ चल रहे कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा और पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शुक्रवार को हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन करेंगे। साथ ही किसानों की विभिन्न समस्याओं का लेकर जिलाधिकारी को रोशनाबाद में ज्ञापन भी देंगे।
किसान, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा
रुड़की में भी हरीश रावत ने बृहस्पतिवार को जिले में गंगा-गन्ना यात्रा निकालकर केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कहा कि मोदी राज में बेरोजगारी बढ़ी है, किसान परेशान है, आम लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही है। लिहाजा ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार चलाने के लिए 56 इंच का सीना नहीं बल्कि एक अच्छे दिल की जरूरत होती है, जो लोगों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान कर सके।
रावत ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में किसान त्रस्त हो चुका है तो श्रमिक परेशान हैं। गंगा के नाम पर करोड़ों का बजट ठिकाने लगाया जा रहा है। गन्ना का बकाया भुगतान किसानों को नहीं मिल पा रहा है। इसके बाद गंगा-गन्ना यात्रा लखनौता के रास्ते मंगलौर पहुंची। यहां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 50 लाख पद समाप्त कर रोजगार के अवसर खत्म कर दिए हैं। देश में 26 लाख पद खाली पड़े हैं, बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना 56 इंच का सीना न तो पाकिस्तान को दिखाया और न ही चीन को। दोनों ही देश भारत को आंख दिखा रहे हैं। उत्तराखंड में प्रधानमंत्री ने घोषणा की थी कि डबल इंजन की सरकार बनने पर बेरोजगारी खत्म करेंगे। किसानों का कर्जा माफ करेंगे और किसानों की आमदनी बढ़ाएंगे, लेकिन सभी वादे खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि गंगा-गन्ना यात्रा के माध्यम से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है।