सीएए के समर्थन वाले बैनर पर हस्ताक्षर करते कांग्रेस के पूर्व सांसद का फोटो वायरल, गरमाई राजनीति
- पूर्व सांसद बोले-धोखे से कराया गया बैनर पर हस्ताक्षर, कांग्रेस के सच्चे सिपाही
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के काशीपुर में सीएए के समर्थन वाले एक बैनर पर हस्ताक्षर करते हुए पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता केसी सिंह बाबा का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने से राजनीति गरमा गई है।
दिनभर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं इस मामले में जानकारी लेते रहे। हालांकि, बाबा ने इस संबंध में कहा है कि उनसे सीएए के समर्थन वाले बैनर पर धोखे से हस्ताक्षर कराए गए हैं। वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं।
मंगलवार को चामुंडा मंदिर परिसर के बाहर उत्तरायणी मेले के दौरान भाजयुमो ने सीएए के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया था। कार्यक्रम के समापन में पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा भी पहुंचे थे। मेले में सीएए के समर्थन में लगे बैनर पर किसी ने उनसे हस्ताक्षर करवा दिए।
कांग्रेसी खेमे में खलबली मच गई
इसके बाद हस्ताक्षर करते हुए उनकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई। फोटो वायरल होते ही कांग्रेसी खेमे में खलबली मच गई। कांग्रेस कार्यकर्ता एक दूसरे को फोन कर घटना की जानकारी लेते रहे। सांसद बाबा के सीएए के समर्थन वाले बैनर पर हस्ताक्षर से न केवल काशीपुर बल्कि पूरे सूबे में राजनीति गरमा गई।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष संदीप सहगल ने कहा कि भाजपाई धोखे से लोगों का समर्थन ले रहे हैं। युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव शिवम शर्मा ने कहा कि सीएए पर जन आक्रोश को रोकने के लिए भाजपा ने धोखाधड़ी से पूर्व सांसद केसी बाबा से सीएए के समर्थन वाले बैनर पर हस्ताक्षर कराए और तत्काल वायरल कर दिया। भाजपा की राजनीति ही झूठ पर टिकी है।
धोखे से करवा दिए हस्ताक्षर : केसी सिंह बाबा
पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा ने बताया कि वह चामुंडा मंदिर परिसर में चल रहे उत्तरायणी मेले में गए थे। उनको पुरस्कार वितरण करने को आमंत्रित किया गया था। वह मंच की ओर जा रहे थे कि मंदिर गेट के पास ही वसंतोत्सव का बैनर लगा था।
वहां पर मौजूद लोगों ने उनसे कहा कि इस पर हस्ताक्षर कर दो। उन्होंने भी बैनर को पढ़े बिना धोखे में हस्ताक्षर कर दिए। बाबा ने कहा कि वह कांग्रेस के सिपाही हैं। कांग्रेस नीतियों पर चलने का संकल्प ले चुके हैं।