देहरादून के इन कॉमन सर्विस सेंटर में बनवाएं अटल आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड, यहां देखें लिस्ट...
अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतों को लेकर जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने कड़ी नाराजगी जताई है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कार्ड बनवाने के लिए परेशान हो रहे हैं। उन्हें गोल्डन कार्ड बनवाने के बारे में जानकारी नहीं दी जा रही है। वहीं योजना के तहत कार्ड बनाने के लिए 68 कॉमन सर्विस सेंटर खोले गए हैं।
यहां देखें पूरी लिस्ट:
https://spiderimg.amarujala.com/assets/applications/2019/01/04/1_5c2fa26e084b5.pdf
जागरूक करने के लिए अभियान चलाने पर जोर दिया
बैठक में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ ही अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के निदेशक डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने गोल्डन कार्ड बनाने में आ रही दिक्कतों के बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने निदेशक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के तहत बनाए जाने वाले गोल्डन कार्ड में लोगों को आ रही समस्याओं को दूर किया जाए।
लोगों को आवेदन करने की प्रक्रिया से लेकर, शुल्क, सामान्य सेवा केंद्रों के बारेे में विस्तार से बताया जाए, ताकि अपना कार्ड बनवा सकेें। उन्होंने सभी कॉमन सर्विस सेंटरों की सूची जारी करने, योजना के संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने पर जोर दिया। आवेदन करते समय पोर्टल पर आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर करने की हिदायत दी।
डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि गोल्डन कार्ड बनाने के लिए वेबसाइट अथवा एप के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपनी पात्रता जान सकता है, लेकिन उस पर पंजीकरण नहीं कर सकता, पंजीकरण केवल नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर में ही 30 रुपये शुल्क जमा करके कराया जा सकता है।
कार्ड बनवाने को इन नंबरों पर करें संपर्क
योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों और अधिसूचित बीमारियों की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना कार्डधारक अपना कार्ड नंबर डालकर खोजबीन कर सकते हैं। योजना के तहत अब तक राज्य में डेढ़ लाख लोगों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। बैठक में सीएमओ डॉ. एसके गुप्ता, अपर जिलाधिकारी अरविंद पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर प्रत्यूष सिंह व उपजिलाधिकारी मसूरी मीनाक्षी पटवाल सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गुप्ता ने अवगत कराया कि किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आयुष्मान योजना के जनपदीय नोडल अधिकारी डॉ. संजीव दत्त के मोबाइल नंबर 8630962447, डॉ. दीपक सहगल के नंबर 9760003134 और मुख्य चिकित्साधिकारी के 9412997780 व 7310821795 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।