शहर से मेरे सारे पोस्टर, बैनर हटा दो, गुस्से से लाल सीएम ने जानिए क्यों बोली यह बात
गुस्से से लाल सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि शहर से मेरे सारे पोस्टर, बैनर हटा दो, जानिए क्यों?
अवैध होर्डिंग-पोस्टर-बैनरों से शहरों के बदरंग होने पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को गहरी नाराजगी जताई। इस मामले में प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश देते हुए सीएम ने कहा कि उनकी फोटो वाले अवैध होर्डिंग सबसे पहले हटाए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी कीमत पर अवैध होर्डिंग-बैनर-पोस्टर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने अपने दो मंत्रियों और प्रमुख विभागीय अफसरों की मौजूदगी में शहरी विकास के लिए विचार विमर्श किया। साथ ही जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2018 में 100 शहरों में दून की जगह सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव उपायों पर जोर दिया।
सीएम ने बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
सचिवालय में शहरी विकास और आवास विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम ने सभी नगर निकायों में सड़कों, बिजली, स्ट्रीट लाइट और पार्कों की स्थिति पर अधिकारियों को संवेदनशीलता दिखाने के लिए कहा।
उन्होंने सभी विकास प्राधिकरणों को निर्देश दिए कि वे घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था के नियम के अनुपालन को सुनिश्चित करें। बैठक में वित्त मंत्री प्रकाश पंत और शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक भी मौजूद थे।
प्रमुख सचिव राधा रतूड़ी, सचिव पेयजल अरविंद सिंह ह्यांकी, सचिव शहरी विकास नितेश झा, सचिव ऊर्जा राधिका झा, सचिव राजस्व हरबंस सिंह चुघ, निदेशक शहरी विकास विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।