CM के दरबार में उमड़ा फरियादियों का हुजूम, किसी को नहीं जाने दिया खाली हाथ
बीजेपी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा हुआ है। माइक से जिस कार्यकर्ता का नाम पुकारा जा रहा है, वह सामने आकर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के सामने अपनी समस्या रख रहा है। एक बुजुर्ग को देखकर सीएम अभिवादन करते हैं।
गौर से शिकायत सुनते हैं और फिर डीएम को फोन लगवाते हैं। उधर, से गुड मार्निंग सर कहता हुआ डीएम का स्वर सुनाई देता है, तो जवाब में सीएम सीधे ये पूछ बैठते हैं कि आप इस वक्त कहां हैं। डीएम लोकेशन ऑफिस की बताते हैं, तो सीएम बात आगे बढ़ाते हैं।
कहते हैं-डीएम साहब! मैं आपके पास बचन सिंह नेगी जी को भेज रहा हूं। ये पूर्व सैनिक हैं। पूर्व सैनिकों का खास ख्याल रखना हैं। इनकी जो भी समस्या है, उस पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
सीएम बनने के बाद ये दूसरा मौका था, जबकि कार्यकर्ताओं के बीच त्रिवेंद्र सिंह रावत पहुंचे थे। सोमवार से कार्यकर्ताओं के बीच महीने में दो बार पहुंचने की उन्होंने शुरूआत कर दी है।
उनके साथ मंच पर प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट भी पूरे समय मौजूद रहे। सीएम के सामने समस्या रखने के लिए सुबह आठ बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया था।
सीएम के स्तर पर समस्याओं की सुनवाई शुरू हो जाने के बाद तक भी रजिस्ट्रेशन होते रहे। एक-एक करके नाम पुकारा जाता रहा और कार्यकर्ता आते रहे। सीएम सारे कागजों पर निर्देश उकेरते रहे।
अब मंत्री भी बैठेंगे हफ्ते में एक दिन
इस दौरान किसी ने सड़क, तो किसी ने पानी से लेकर अवैध कब्जे और अतिक्रमण से संबंधित मामलों को उठाया। सीएम ने बीजेपी मुख्यालय में एक घंटे तक बैठकर समस्या की सुनवाई का निर्णय लिया था।
वह 15 मिनट अतिरिक्त बैठे और सवा घंटे पूरे होते ही वहां से निकल गए। उनकी जगह समस्याओं की सुनवाई का काम बाद में उनके ओएसडी आरसी खुल्वे ने किया। इस दौरान थोड़ी देर के लिए राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक विनोद कंडारी भी मौजूद रहे।
शराब विरोधी आंदोलन की भी गूंज
सीएम के कार्यक्रम में शराब विरोधी आंदोलन की गूंज भी सुनाई दी। शास्त्रीनगर एन्क्लेव की महिलाओं का एक जत्था सीएम के सामने पहुंचा और कालोनी के गेट पर खोली गई दुकान का विरोध किया। सीएम ने कहा कि महिलाओं के आंदोलन की खबरें उन्होंने अखबार में पढ़ी हैं। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अब मंत्री भी बैठेंगे हफ्ते में एक दिन
त्रिवेंद्र सरकार के मंत्री भी हफ्ते में एक दिन बीजेपी मुख्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनेंगे। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के अनुसार, सरकार संगठन के साथ तालमेल बैठाते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए संकल्पबद्घ हैं। उन्होंने कहा कि ये तय किया जा रहा है कि कौन सा मंत्री किस दिन कार्यालय में पहुंचकर समस्याएं सुनेेगा।