वसंतोत्सव के समापन पर राजभवन में उमड़ा हुजूम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो दिवसीय वसंतोत्सव के समापन अवसर पर राजभवन में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शकों को देखकर पुष्प उत्पादकों और स्टॉल संचालकों के चेहरे खिल उठे। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ वसंतोत्सव-2017 का समापन हो गया। राज्यपाल डा. केके पाल ने पेंटिंग व फिलैटली प्रतियोगिता के विजेता स्कूली छात्र-छात्राओं और पुष्प प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
रविवार को वसंतोत्सव के दूसरे दिन सुबह से ही लोगों की भीड़ राजभवन में जुटने लगी। बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ राजभवन पहुंचे। जहां उन्होंने फूलों की प्रदर्शनी, पुष्प व कृषि उत्पादों के संबंध में जानकारी के साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी मजा लिया। लोगों की भीड़ के चलते राजभवन के आस-पास दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। राजभवन के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोनों तरफ पार्क वाहनों के कारण पैदल चलने वालों को तक रास्ता नहीं मिल पाया।
पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों की लगातार कोशिशों के बाद भी लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ी। राजभवन में प्रवेश के लिए लोगों की कई सौ मीटर लंबी लाइन लग गई। शाम को लोक कलाकारों ने गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी संस्कृति के रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
अंत में राज्यपाल डा. केके पाल ने पुष्प प्रतियोगिता, रंगोली, पेंटिंग, फिलैटली व ऑन द स्पॉट प्रतियोगिताओं के कुल 138 विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने दो दिवसीय आयोजन को सफल बताते हुए फूलों की खेती को प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता जताई। आयोजन में डा. वीएस नेगी, दीपक पुरोहित, अरुण पांडेय समेत अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने सहयोग दिया।
इन्हें मिला पुरस्कार
स्कूली बच्चों को मिले पुरस्कार
ऑन द स्पॉट फोटोग्राफी प्रतियोगिता में यश खजांची को पहला, अनुशिखा अग्रवाल को दूसरा और रजत जैन को तीसरा पुरस्कार मिला। फ्रेश पेटल रंगोली प्रतियोगिता में शार्प मेमोरियल स्कूल की वनिता को पहला, एसबीएस पीजीआई बालावाला की मनीषा मल्ल को दूसरा और शार्प मेमोरियल स्कूल की सुमन को तीसरा स्थान मिला।
स्कूली बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता के पांच से 10 वर्ष आयु वर्ग में एशियन स्कूल के जयादित्य सिंह, 10 से 14 वर्ष के आयु वर्ग में स्कॉलर्स होम के अमन सिंह, 14 से 18 आयु वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल बीरपुर की पीयूषा स्वांकर, दृष्टिबाधित श्रेणी में एनआईवीएच के सुआलाल, मानसिक तौर पर विशेष श्रेणी में नव प्राण फाउंडेशन के ध्रुवोजीत रॉय, मूक बधिर श्रेणी में आईआईटी रुड़की की साजिया, स्ट्रीट चिल्ड्रंस श्रेणी में आसरा ट्रस्ट की खुशी और राजकीय बालगृह श्रेणी में बाल निकेतन केदारपुरम की नगमा राजकीय को पहला पुरस्कार मिला।
फिलैटली में शोभित बने विजेता
राज्यपाल डा. केके पाल की पहल पर पहली बार आयोजित की गई स्कूली बच्चों की फिलैटली प्रतियोगिता में 11 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रदर्शनी में कुल 22 प्रतिभागियों के डाक टिकटों के संग्रहों को प्रदर्शित किया गया। प्रतियोगिता में सेंट थेरसास स्कूल श्रीनगर के शोभित प्रियदर्शनी को पहला, सेवन ओक स्कूल देहरादून की महक थापा को दूसरा और सेंट जोजेफ्स स्कूल की अभिति मिश्रा को तीसरा स्थान मिला। राज्यपाल की ओर से विजेताओं को क्रमश: पांच, तीन व दो हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।