हरिद्वार में बनेगा सीआईएसएफ का बटालियन मुख्यालय, बेटियों से किया शामिल होने का आह्वान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक राजेश रंजन ने उत्तराखंड की बेटियों से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में आने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ में इस समय सबसे ज्यादा महिला जवान हैं, लेकिन इसमें उत्तराखंड से सबसे कम महिला जवानों की भागीदारी है।
बुधवार को सीआईएसएफ के हरिद्वार परिसर में जवानों को विशेष हिमालयी अभियान पर रवाना करने पहुंचे महानिदेशक राजेश रंजन ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि सीआईएसएफ एक ऐसा सुरक्षा संगठन है, जिसके जवानों की हर क्षेत्र में विशेषज्ञता हमें दूसरे संगठनों से अलग करती है।
उन्होंने कहा कि इस समय सीआईएसएफ में अन्य किसी सुरक्षा संगठन से ज्यादा महिलाएं हैं, लेकिन उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं की संख्या इसमें बहुत कम है। उन्होंने इस क्षेत्र की बेटियों को बल का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया। साथ ही कहा कि हमारे जवान इस यात्रा में उत्तराखंड की बेटियों को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल का हिस्सा बनने के लिए भी प्रेरित करेंगे।
बटालियन मुख्यालय बनाने की बात कही
हिमालय अभियान के अंतर्गत लोगों से जन संवाद किया जाएगा। साथ ही शस्त्रों की प्रदर्शनी लगाकर लोगों को उनके बारे में जानकारी दी जाएगी। बुधवार को शुरू हुए हिमालयी अभियान को उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अति महत्वपूर्ण बताया।
हरिद्वार के भेल स्थित परिसर में सीआईएसएफ की स्थानीय इकाई का कार्यालय है। वहीं, जल्द हरिद्वार में सीआईएसएफ का बटालियन मुख्यालय भी बनने जा रहा है। यह जानकारी डीएम दीपक रावत ने बुधवार को सीआईएसएफ के जन जागरुकता अभियान के शुभारंभ पर दी। उन्होंने बताया कि सीआईएसएफ की ओर से जिला प्रशासन को बटालियन मुख्यालय की स्थापना के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इसके लिए करीब 78 एकड़ भूमि की मांग की गई है। प्रशासन ने भूमि की तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि सीआईएसएफ देश के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा का जिम्मा संभालता है। हरिद्वार में भेल के साथ ही बाबा रामदेव के पतंजलि फूड पार्क की सुरक्षा भी सीआईएसएफ जवान संभाल रहे हैं। फिलहाल सीआईएसएफ का नजदीकी बटालियन कार्यालय नोएडा के पास स्थित है।