चारधाम यात्रा 2020: बदरीनाथ हाईवे पर तंग पुलिया और स्लाइड जोन बनेंगे तीर्थयात्रियों लिए परेशानी
- यात्रा शुरू होने में दो माह शेष, बदहाल पड़ा है ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे
विस्तार
भगवान बदरीविशाल की यात्रा शुरू होने में लगभग दो महीने का समय ही बचा है, लेकिन ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे की हालत नहीं सुधरी है। गौचर से जोशीमठ तक बदरीनाथ हाईवे पर पांच तंग पुलिया और 15 से अधिक स्लाइड जोन खतरे का सबब बने हैं। इसके कारण तीर्थयात्रियों को यात्रा के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बदरीनाथ हाईवे पर उमट्टा से चमोली तक ऑल वेदर रोड निर्माण कार्य से सड़क पर गड्ढे बने हैं। उमट्टा, कालेश्वर, लंगासू और कुहेड़ में बनी संकरी पुलिया पिछली बार यात्रा में जाम का मुख्य कारण बनी थी। इस बार भी इन पुलिया का विस्तार नहीं किया जा सका है।
यहां हाईवे पर एक साथ दोनों वाहन आने पर यहां जाम लग जाता है। इसके अलावा गलनाऊं, कालेश्वर, देवलीबगड़, नंदप्रयाग, बाजपुर, लामबगड़, पागलनाला में बने स्लाइड जोन भी खतरे का सबब बने हैं। ऐसे में बदरीनाथ आने वाले यात्रियों को इस भी हिचकोले खाकर यात्रा करनी पड़ेगी।
वहीं ऑल वेदर रोड परियोजना प्रबंधक अमर सिंह मिंगवाल का कहना है कि बदरीनाथ हाईवे पर काम चल रहा है। यात्रा शुरू होने से 15 दिन पहले पूरा बदरीनाथ हाईवे दुरुस्त कर दिया जाएगा।