{"_id":"59e9a2e94f1c1b7a548b82ba","slug":"central-regional-council-meeting-in-dehradun","type":"story","status":"publish","title_hn":"17 साल में पहली बार उत्तराखंड में होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
17 साल में पहली बार उत्तराखंड में होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
Updated Fri, 20 Oct 2017 12:50 PM IST
विज्ञापन
rajnath singh
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य गठन के 17 साल में पहली बार उत्तराखंड को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की मेजबानी मिली है। यह बैठक तीन नवंबर को वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में होगी। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में शिरकत करने के लिए उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह भी उत्तराखंड आ रहे हैं।
विज्ञापन
परिषद की बैठक में कई अहम मुद्दों पर मंथन होगा। सूत्रों की मानें तो उत्तराखंड सामरिक महत्व से जुड़े मुद्दों को उठा सकता है। पलायन और आपदा से जुड़े मुद्दों के जरिये सीमांत इलाकों में सुरक्षा चौकसी को बढ़ाने की वकालत हो सकती है। इसके अलावा पुलिस के आधुनिकीकरण और परिसंपत्तियों से जुड़े लंबित मसलों पर भी चर्चा हो सकती है। अपर सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग चंद्रेश यादव ने बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि एजेंडा जल्द तय कर लिया जाएगा। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
विज्ञापन
अति विशिष्ट अतिथियों के स्वागत की तैयारियों में जुटी सरकार
उत्तराखंड की त्रिवेंद्र सरकार इन दिनों अति विशिष्ट अतिथियों के स्वागत सत्कार की तैयारियों में जुटी है। पीएम मोदी के केदारनाथ दौरे की तैयारियों से फारिग होने के बाद सरकार मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में आने वाले अति विशिष्ट महानुभावों के आतिथ्य की तैयारी में जुट जाएगी। उनके उत्तराखंड दौरे के चलते शासन स्तर पर तैयारी बैठकों के दौर शुरू हो गए हैं। चारों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा प्रतिभागी राज्यों के दो-दो कैबिनेट मंत्री भी बैठक में शरीक होंगे। उनके अलावा केंद्रीय गृह सचिव के अलावा चारों राज्यों के मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी भी रहेंगे।
विज्ञापन
उपराष्ट्रपति 27 को आएंगे उत्तराखंड
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू 27 अक्तूबर को उत्तराखंड आएंगे। वे मसूरी स्थित ओक ग्रोव स्कूल के एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर मुख्य सचिव ने 23 अक्तूबर को तैयारी बैठक बुलाई है। इस बैठक में उनके आगमन और सुरक्षा को लेकर समीक्षा की जाएगी।