मौत की लड़ाई लड़ रही मां ने दुनिया से जाते-जाते भी रखा बेटी का ध्यान, कैसे पढ़िए...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गॉल ब्लैडर के कैंसर से जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रही मां ने दुनिया से जाते-जाते भी परिवार का ही ध्यान रखा। मां ने अस्पताल में अपनी बेटी की सगाई अपनी आंखों के सामने कराई और मुंह मीठा करने के आधे घंटे बाद दुनिया को अलविदा कह दिया।
नैनीताल निवासी डॉ. भूपाल सिंह भाकुनी की पत्नी चंद्रावती भाकुनी (53) को तीन मार्च को सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। छह मार्च तक चले इलाज के दौरान डॉक्टरों ने कैंसर होने की आशंका जताई।
अंतिम स्टेज का कैंसर
सात मार्च को डॉ. भाकुनी अपनी पत्नी को राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट दिल्ली ले गए। बायोप्सी से पता चला कि चंद्रावती भाकुनी को गॉल ब्लैडर का कैंसर है। कैंसर अंतिम स्टेज का था। 18 मार्च को डॉ. भाकुनी अपनी पत्नी को वापस लेकर आ गए। दोबारा तकलीफ बढ़ने पर उन्हें फिर सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया।
नीदरलैंड के मास्टरिच विश्वविद्यालय में प्रोफेसर डॉ. भाकुनी की बेटी हिमानी भाकुनी भी मां की तबीयत खराब होने के कारण हल्द्वानी आईं। दो दिन पहले हिमानी के साथ ही मास्टरिच विश्वविद्यालय में प्रोफेसर डॉ. लुकस भी चंद्रावती भाकुनी को देखने पहुंचे।
चंद्रावती भाकुनी ने मुंह मीठा किया और दोनों को आशीर्वाद दिया
शुक्रवार को चंद्रावती भाकुनी ने परिवार के समक्ष डॉ. लुकस से बेटी की सगाई की इच्छा जताई तो सेंट्रल अस्पताल में दोपहर दो बजे से लेकर तीन बजे तक एक घंटे तक सगाई की रस्म हुई। बेटी की सगाई के बाद चंद्रावती भाकुनी ने मुंह मीठा किया और दोनों को आशीर्वाद दिया।
डॉ. भूपाल सिंह भाकुनी ने बताया कि दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे पत्नी चंद्रावती भाकुनी ने सेंट्रल हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। चंद्रावती भाकुनी अपने पीछे परिवार में पति, बेटी, दामाद और बेटे वरुण प्रताप सिंह भाकुनी को छोड़ गईं हैं। डॉ. भाकुनी ने बताया कि देर शाम चित्रशिला घाट पर चंद्रावती भाकुनी का अंतिम संस्कार किया गया।