खाई में गिरी और पेड़ पर जा अटकी सवारियों से भरी बस
- वेदीखाल-भरोलीखाल के बीच हुआ हादसा, दस यात्री घायल, चार की हालत नाजुक
- कोटद्वार से पोखड़ा होते हुए सैंधार जा रही थी जीएमओयू की बस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पौड़ी के बीरोंखाल ब्लॉक में बृहस्पतिवार को सवारियों से भरी जीएमओयू की बस पुश्ता ढहने से खाई में गिरने के बाद पेड़ों पर जा अटकी। इससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में दस लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बनी है।
घायलों को 108 सेवा से बीरोंखाल सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां से चार गंभीर घायलों को काशीपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। हादसे की वजह बस का पट्टा टूटना बताया जा रहा है। बस सुबह पांच बजे कोटद्वार से सेंधार के लिए रवाना हुई थी।
कोटद्वार से सवारियों को लेकर बस सतपुली, पोखड़ा होते हुए दिन में करीब एक बजे वेदीखाल से भरोलीखाल मोटर मार्ग पर बढ़ी ही थी कि बस का पट्टा टूट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर एक तरफ चली गई। सड़क का पुश्ता कमजोर होने के कारण बस सड़क से करीब दस मीटर नीचे खाई में जा गिरी।
बस में थीं 35 सवारियां, 10 घायल
गनीमत यह रही बस पलटने के बाद पेड़ों से जा अटकी। बस में करीब 35 सवारियां बैठी थी। हादसे की सूचना मिलते ही वेदीखाल बाजार से लोग दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बीरोंखाल से 108 सेवा भी मौके पर पहुंच गई, जिससे दस घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि बस पेड़ पर नहीं अटकती तो भीषण दुर्घटना होती।
घायलों में दलवीर सिंह निवासी कैलाड, विष्णु रावत निवासी एरोली, अमित निवासी सैंधार, मनोज जोशी निवासी सैंधार, दिवाकर प्रसाद सैंधार, ओमप्रकाश निवासी कैलाड शामिल है। गंभीर रुप से घायल विनोद कुमार निवासी कैलाड, अभिषेक बहुखंडी निवासी कैलाड, तुलीदास निवासी सैंधार और रामकिशन निवासी गेहूंलाड को काशीपुर रेफर कर दिया गया है।
कई लोगों को मामूूली चोटें लगी हैं, जो अपने घर पहुंच गए। जीएमओयू के महाप्रबंधक विजयपाल सिंह नेगी ने बताया कि जहां हादसा हुआ, वहां पर सड़क तंग है। पट्टा टूटने से बस एकतरफ हो गई और खाई में जा गिरी।