Budget 2022: विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर बनाया गया यह बजट निराशाजनक- हरीश रावत
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने साल 2022-23 के लिए के लिए पेश किए गए आम बजट को निराशाजनक करार दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार यानी एक फरवरी 2022 को साल 2022-23 के लिए देश का आम बजट पेश किया है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इसे निराशाजनक करार दिया है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार ने पांच राज्यों में होने वाले आगामी चुनावों को देखते हुए यह बजट पेश किया है। यह बजट पूरी तरह से निराशाजनक है।
पूर्व सीएम रावत ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जानती है कि वर्ष 2024 में उसकी विदाई होने जा रही है, इसलिए वह चुनावी दृष्टि से बजट लेकर आई है। उत्तराखंड के परिप्रेक्ष्य में रावत ने कहा कि डबल इंजन ने पूर्व की तरह इस बार भी निराश ही किया है। महंगाई, रोजगार की दिशा में कोई बात नहीं हुई है। सबसे अधिक निराशा किसानों को हुई।
किसानों के लिए ट्रैक्टर एक बहुपयोगी यंत्र है, लेकिन केंद्र ने ट्रैक्टर के टायरों पर टैक्स बढ़ाकर उसका मूल्य बढ़ा दिया है। रावत ने कहा कि उत्तराखंड में सरकार ने एक नया काम शरू कर दिया है। यदि कोई अपनी ट्रॉली में बजरी ला रहा है, कोई लकड़ी ले जा रहा है या फिर कोई अन्य सामान ले जा रहा है तो ट्रैक्टर पर भी टैक्स देना पड़ेगा। ट्रॉली को भी टैक्स के दायरे में लाया गया है। उन्होंने कहा कि ट्रॉली पर टैक्स लें, लेकिन ट्रैक्टर को टैक्स के दायरे से बाहर रखा जाना चाहिए।
देश को नई गति व दिशा प्रदान करेगा आम बजट : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार का बजट देश को नई गति व नई दिशा प्रदान करने वाला है। इसमें हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया है। कनेक्टिविटी, सीमांत क्षेत्रों का विकास और अवस्थापना के क्षेत्र में उत्तराखंड को विशेष लाभ मिलेगा।
बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए धामी ने बजट को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताया। उन्होंने कहा कि बजट में हर छोटे-बड़े वर्ग, किसानों, युवाओं व महिलाओं का ध्यान रखा गया। देश में डिजिटल साक्षरता को बढ़ाने के लिए, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र से भारत को लाभान्वित करने, भारतमाला के बाद अब पर्वतमाला योजना के जरिये पहाड़ों पर अच्छी सड़कों के निर्माण करने की बात कही गई है। फाइव जी सर्विस से सभी गांव संचार क्रांति का लाभ मिलेगा। ड्रोन तकनीक से व्यवसाय और सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। ग्रीन बॉन्ड हो, डिजिटल करेंसी, आर्गेनिक फार्मिंग, डिजिटल यूनिवर्सिटी का भी बजट में जिक्र है।
16 लाख नए रोजगार सृजित करने के वादे, पीएम गति शक्ति योजना के जरिये यह बजट हर वर्ग, हर समुदाय के हितों को सुनिश्चित करने वाला है। ग्रीन बांड के जरिये निवेश और पर्यावरण को साथ लेकर चलने का लक्ष्य भी इस बजट की विशेषता है। उत्तराखंड राज्य को पर्वतमाला योजना से लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने आम बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद किया।
ये नई ऊर्जा देने वाला बजट है: भाजपा
प्रदेश भाजपा ने केंद्रीय बजट को 130 करोड़ लोगों को नई ऊर्जा देने वाला बताया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि बजट सर्वव्यापी, सर्व स्पर्शी और सवर्ग समावेशी है। यह प्रधानमंत्री मोदी के सपनों के अनुरूप आत्मनिर्भर भारत का बजट है। उन्होंने कहा कि बजट में किए गए प्रावधानों का उत्तराखंड को लाभ मिलेगा।
मंगलवार को बजट पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बजट देश को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में सहायक होगा। यह बजट सुशासन, गरीबी उन्मूलन, सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन और रोजगार सृजन का नया अध्याय लिखने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। इस बजट में ढांचागत अवस्थापना विकास, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन, आवास, सामाजिक कल्याण, कृषक कल्याण, उच्च शिक्षा, नवाचार एवं अनुसंधान पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया जो उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए लाभकर होगा।
नए भारत की नींव डालेगा आम बजट: निशंक
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि आम बजट देश की अर्थव्यवस्था का स्केल बदलने वाला है और यह नए भारत की नींव डालेगा। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए निशंक ने कहा कि मोदी सरकार का यह बजट, एक दूरदर्शी बजट है। जो भारत को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही आजादी के 100वें वर्ष के नए भारत की नींव डालेगा। यह संपूर्ण देशवासियों की उम्मीदों को प्रतिबिंबित करता है। बजट का आकार बढ़कर 39.45 लाख करोड़ करना, कोरोनाकाल में भी देश की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का इस जनकल्याणकारी बजट के लिए वह अभिनंदन करते हैं। डॉ. निशंक ने कहा कि यह बजट सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने वाला, रोजगार का सृजन करने वाला, गरीब को शक्ति, किसान को मजबूती देने वाला है। इसमें जीरो बजट खेती, प्राकृतिक खेती, रिवर लिंकिंग, एक स्टेशन-एक उत्पाद और किसान ड्रोन जैसे विभिन्न प्रयास हमारे किसानों को लाभ देने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को आधुनिक व आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित होंगे। यह बजट श्रमिकों को सम्मान, मध्यम वर्ग के सपनों को साकार, ईमानदार आयकरदाताओं का गौरवगान, इंफ्रास्ट्रक्टर निर्माण को गति और अर्थव्यवस्था को बल देने वाला है।
समाज के हर तबके के लिए है आम बजट : अग्रवाल
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा है कि यह बजट देश के हर वर्ग, हर तबके, हर समुदाय एवं हर क्षेत्र को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। निश्चित रूप से इससे देश का प्रत्येक वर्ग लाभान्वित होगा।
बजट में मध्यम वर्ग के लिए कुछ खास नहीं: उक्रांद
उत्तराखंड क्रांति दल ने बजट को मध्यम वर्ग के लिए निराश करने वाला बताया है। दल के केंद्रीय प्रवक्ता विजय बौड़ाई ने कहा कि बजट से मध्यम वर्ग को बड़ी आश थी, लेकिन इसमें इस वर्ग के लिए कुछ खास नहीं है। 60 लाख रोजगार देने की खोखली बात कही गई है। महंगाई रोकने के लिए कोई राहत नहीं दी गई है।
बजट आत्मनिर्भर भारत को प्रोत्साहित करने वाला : भट्ट
केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट को विकासोन्मुखी और आत्मनिर्भर भारत को प्रोत्साहित करने वाला बताया। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी।
कांग्रेस ने केंद्रीय बजट को बताया निराशाजनक
उत्तराखंड कांग्रेस ने केंद्रीय बजट को निराशाजनक बताया है। पार्टी का कहना है कि केंद्रीय बजट ने उत्तराखंड को पिछले वर्षों की तरह इस बार भी निराश किया है। खेती-किसानी की उपेक्षा के साथ किसानों को मिलने वाली कई सब्सिडी बंद कर दी गई हैं। उनकी आमदनी बढ़ाने के उपायों के बजाए उनके हितों पर चोट की गई। महंगाई, युवाओं को रोजगार, छोटे उद्योग धंधे, छोटे व्यापारियों के हित में कुछ नहीं किया गया है। आयकर की सीमा भी नही बढ़ाई गई है, जिससे की आम आदमी को कुछ राहत मिलती।
बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा की उत्तराखंड के लिहाज से बजट पूरी तरह से निराशाजनक और खोखला है। जिस ग्रीन बोनस की दरकार उत्तराखंड की जनता को वर्षों से है, उसका बजट में जिक्र तक नहीं किया गया है। डबल इंजन की सरकार से अपेक्षा थी कि वह उत्तराखंड के इस सपने को पूरा करेगी, लेकिन इस मामले में भी डबल इंजन फेल ही साबित हुआ है। इस बजट में बढ़ती महंगाई पर कैसे अंकुश लगाया जाएगा, यह प्रश्न भी अनुत्तरित ही रहा। बेरोजगार युवाओं के लिए कोई चिंता या प्रावधान बजट के अंतर्गत नही किया गया है।
गोदियाल ने कहा उत्तराखंड पयर्टन प्रधान प्रदेश है। ऐसे में कोरोना संकट से जूझ रहे राज्य के पयर्टन सेक्टर को बूस्ट करने के लिए एक बड़े पैकेज की दरकार थी, लेकिन यहां भी निराशा ही हाथ लगी। बजट ने पूंजीपतियों को छोड़ सभी वर्गों को निराश किया है। सरकार ने पिछले बजट का खर्च ही लगभग आधा किया हो तो खर्च करने में भी सरकार सुस्त रही है। मुद्रा स्फूर्ति, महंगाई पर भी सरकार कुछ नहीं कर पाई। राजस्व में बढ़ोतरी में सहित विभिन्न मदों में आमदनी के बावजूद मनरेगा सहित कई सामाजिक योजनाओं में बजट में कंजूसी की गई है।
उत्तराखंड के लिए खास है बजट : बलूनी
उत्तराखंड राज्य सभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने केंद्र सरकार के आम बजट को उत्तराखंड के लिए खास बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को रोपवे, रेल और एयर कनेक्टिविटी योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने आम बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद किया। बलूनी ने कहा कि यह बजट देश के लिए अगले 25 साल की बुनियाद रखने वाला है।