उत्तराखंड: स्मार्ट फोन नहीं मिलने पर किशोर ने खुद को लगाई आग, हायर सेंटर रेफर
उत्तराखंड के काशीपुर में स्मार्ट फोन नहीं मिलने पर एक किशोर ने खुद को आग लगा ली। चीख पुकार सुनकर परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने किशोर को हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक किशोर करीब 90 फीसदी झुलस चुका है।
मोहल्ला डिफेंस कॉलोनी निवासी विजय ने चैती मेले में चाट पकौड़ी की दुकान लगाई है। काम में उनके साथ उनकी पत्नी सरोज और छोटा पुत्र भी हाथ बंटाता है। कुछ दिन पहले उसके पुत्र का मोबाइल खो गया था और वह पिता से स्मार्ट फोन दिलाने की मांग कर रहा था।
पिता ने चैती मेला समाप्त होने के बाद फोन दिलाने की बात कही। बृहस्पतिवार को 16 साल का छोटा बेटा घर पर ही था। उसने अपने बड़े भाई से भी स्मार्ट फोन लेने की जिद की। फोन नहीं मिलने से गुस्साए किशोर ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली।
चीख पुकार सुनकर परिजनों और पड़ोसियों ने आग बुझाई लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। आननफानन में उसको एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे रेफर कर दिया। सर्जन डॉ. पीके सिन्हा ने बताया कि किशोर करीब 90 प्रतिशत झुलस गया है।