नेपाल में चुनाव के दौरान पांच मतदान केंद्रों पर मिले बम, मच गया हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेपाल में चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर बम मिलने से हड़कंप मच गया। इस दौरान पांच केंद्रों पर बम पाए गए। लेकिन समय रहते बम को वहां से हटा दिया गया। इसी गहमा गहमी के बीच प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउबा ने अपने गृह क्षेत्र डडेलधूरा जिले के गन्यात बुढ़ा मतदान केंद्र में वोट डाला।
उत्तराखंड से लगे नेपाल के सुदूर पिश्चिम के नौ जिलों में निकाय, पंचायती चुनाव के लिए मतदान छिटपुट घटनाओं को छोड़ शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। चुनाव विरोधियों ने बम विस्फोट कर चुनाव को बाधित करने की नाकाम कोशिश की।
कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर के धीरकुटी मतदान केंद्र और बैतड़ी जिले के पुरचुड़ी नगरपालिका के एक बूथ पर बम विस्फोट होने से कुछ देर तक भारी अफरा तफरी मच गई। विस्फोट में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
कंचनपुर के तीन अन्य मतदान केंद्रों में बम विस्फोट की कोशिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। कंचनपुर की नौ नगर पालिकाओं, दो ग्राम पंचायतों के लिए करीब 70 प्रतिशत मतदान हुआ है।
28 जून को नेपाल के राज्य संख्या 1, 3, 5, 7 में निकाय, पंचायत चुनाव के लिए मतदान हुआ। बैतड़ी में 11 बजे तक 25 प्रतिशत, 12 बजे तक 41 प्रतिशत मतदान हुआ।
एक जगह पर हुआ धमाकेदार विस्फोट
यहां अंतिम आंकड़े देर शाम तक नहीं मिल पाए। बैतड़ी के जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी तुलसीराम पौडेल ने बताया कि विस्फोट होने की सूचना मिलने पर नेपाली सेना के बम डिस्पोजल टीम को मौके पर भेज दिया गया था।
बैतड़ी के पुलिस अधीक्षक हेरंब शर्मा ने बताया कि बम का धमाका जबरदस्त था। कंचनपुर जिले में करीब 70 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। सुबह मूसलाधार बारिश होने से शुरुआती दौर में मतदान का प्रतिशत कम रहा, लेकिन मौसम खुलने पर दोपहर बाद मतदान केंद्रों में वोटरों की खासी भीड़ उमड़ी।
कंचनपुर के एसपी प्रकाश चंद ने बताया कि महेंद्रनगर के धीरकुटी मतदान केंद्र करीब सौ मीटर दूर सुबह साढ़े दस बजे बम विस्फोट हुआ, जिससे कोई नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर तक अफरा-तफरी रही। बाद में नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस, नेपाल सेना ने सुरक्षा चौकस कर मतदान केंद्रों के आसपास सर्च अभियान चलाया तो बिलौरी, दोधारा चांदनी, तिलाचौड़ मतदान केंद्र के पास रखे बम बरामद किए गए।
चुनाव में व्यवधान की यह कोशिश में चुनाव का विरोध कर रहे माओवादी विप्लव गुट का हाथ माना जा रहा है। कंचनपुर जिले की सात नगर पालिकाओं के मेयर, उप मेयर पद के अलावा दो ग्राम पंचायतों के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं 92 वार्डों के लिए दलित महिला सदस्य, महिला सदस्य, सामान्य सदस्य के चुनाव के लिए मतदान हुआ है।
सीमा पर रक्षी कड़ी सुरक्षा
चुनाव नतीजे 30 जून से आने लगेंगे
टनकपुर। नेपाल में निकाय, पंचायत चुनाव के लिए बुधवार को संपन्न हुए मतदान के बाद बुधवार की रात करीब 12 बजे से मतों की गिनती शुरू हो सकती है। नेपाल प्रशासन के मुताबिक मतगणना का कार्य हर निकाय मुख्यालय में होगा। बताया गया कि चुनाव के नतीजे 30 जून की देर शाम से आने शुरू होंगे।
सीमा पर रक्षी कड़ी सुरक्षा
नेपाल में चुनाव के मद्देनजर भारतीय प्रशासन ने नेपाली प्रशासन के अनुरोध पर सीमा पर पूरी चौकसी बरती। पुलिस, एसएसबी और खुफिया तंत्रों की सीमा पर पैनी नजर रही। सीओ राजन सिंह रौतेला ने बताया कि शाम पांच बजे बाद सीमा पहले की तरह खोल दी गई। दोनों सीमा पर फंसे लोगों ने सीमा खुलने के बाद राहत की सांस ली। अलबत्ता तीन दिन भारत नेपाल सीमा सील रहने से रोडवेज को करीब 15 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
नौ विदेशियों ने किया सीमा पर आवागमन
नेपाल में चुनाव के तहत तीन दिनों तक सीमा सील रही। बुधवार को संपूर्ण सीमा सील के दौरान एक विदेशी पर्यटक भारत से नेपाल को गया। सीमा सील के पहले दिन सोमवार को भारत नेपाल के बीच चार विदेशी पर्यटकों ने सीमा पार की। मंगलवार को तीन विदेशी नागरिकों ने भारत से नेपाल और एक विदेशी ने नेपाल से भारत का रुख किया। इमिग्रेशन चेकपोस्ट अधिकारी आरपी टम्टा ने बताया कि तीन दिनों तक रही सीमा सील के दौरान नौ विदेशी पर्यटकों (भारत नेपाल छोड़) ने अपने पासपोर्ट और वीजा की जांच करा सीमा पर आवाजाही की।