हरिद्वार: खड़ी कार में धमाके से उड़े कार के परखच्चे, अफरा-तफरी
हरिद्वार के शिवालिक नगर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक खड़ी कार के धमाके से परखच्चे उड़ गए। धमाके में एक मोटरसाइकिल सवार को चोट आई है। कार में लदे अग्रिशमन उपकरण में से एक उपकरण के फटने के कारण हादसा हुआ। गनीमत ये रही कि जब उपकरण फटा तब चालक कार में नहीं था। अग्निशमन उपकरण सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में ले जाए जा रहे थे।
घटना सुबह शिवालिक नगर बहादराबाद मुख्य मार्ग पर करीब ग्यारह बजे हुई। रोशनाबाद की ओर से आ रही सेंट्रो कार को सड़क किनारे रोककर चालक पास की एक दुकान पर मोबाइल फोन रिचार्ज कराने चला गया।
दमकल बुलाकर उतारे गए सभी सिलेंडर
इसी दौरान तेजी से हुए विस्फोट के बाद कार के पूरे परखच्चे ही उड़ गए। कार के बगल से गुजर रहा एक मोटरसाइकिल चोटिल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। भारी संख्या में आमजन एकत्र हो गए।
सूचना पर एसआई कुंदन सिंह राणा घटनास्थल पर पहुंचे। कार में लदे सिलेंडरों को देखकर दमकल विभाग को बुलाया गया। फिर एक एक कर सभी सिलेंडर उतारे गए। तब पता चला कि एक सिलेंडर फटने से विस्फोट हुआ है।
लीकेज के चलते हुआ सिलेंडर में धमाका
सब इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कार चालक मुहिल अहमद निवासी गांव रानीपुर ने बताया कि यह सभी अग्निशमन उपकरण सिडकुल की एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स, आईपी टू सलेमपुर महदूद के हैं और वह इन्हें जैसिका फायर प्रोटेक्शन से रिफिल कराकर ही वापस कंपनी ले जा रहा था। बताया कि संभवत लीकेज के चलते ही सिलेंडर फटा होगा।