बारिश से बदरीनाथ मार्ग पर गिरी चट्टानें, हाईवे बंद होने से बीच में ही रुके तीर्थयात्री
बारिश के कारण बादरीनाथ हाईवे बार-बार बंद हो रहा है। भूस्खलन से चट्टाने गिरकर मार्ग पर आ गई। जिससे हाईवे बंद हो गया। इसके बाद तीर्थयात्रियों को बीच में ही रोक लिया गया।
बुधवार को बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में अवरुद्ध हो गया है। जिससे बदरीनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे करीब 150 तीर्थयात्रियों को पुलिस प्रशासन की ओर से पांडुकेश्वर में ही रोक लिया गया है।
हाईवे बुधवार को भीमतला, कौडिय़ा और पीपलकोटी में भी मलबा आने से अवरुद्ध हो गया था, जिसे बीआरओ द्वारा खोलकर वाहनों की आवाजाही सुचारु कर ली गई है। लामबगड़ में थोड़ी बारिश होने पर भी चट्टान से मलबा हाईवे पर आ रहा है।
बार-बार बारिश से मार्ग हो रहा बंद
बीती मंगलवार रात को यहां जगह-जगह मलबा आने से हाईवे अवरुद्ध हो गया था। बुधवार को सुबह छह बजे मेकाफेरी कंपनी की मशीनों ने हाईवे को खोलने का काम शुरु किया। सुबह नौ बजे तक हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया था।
जिसके बाद 163 तीर्थयात्री अपने वाहनों से बदरीनाथ धाम पहुंचे। दोपहर में करीब डेढ़ बजे बारिश होने से दोबारा लामबगड़ चट्टान से पत्थर छिटकने शुरु हो गए थे। जिस पर पुलिस की ओर से यात्रा वाहनों को पांडुकेश्वर में ही रोक लिया गया।
देर सांय तक भी लामबगड़ में वाहनों की आवाजाही शुरु नहीं हो पाई। इधर, कौडिय़ा में दोपहर एक बजे चट्टान से भारी मात्रा में मलबा हाईवे पर आ गया। बीआरओ की ओर से सांय तीन बजे यहां वाहनों की आवाजाही सुचारु कराई गई।