आत्मनिर्भर भारत: तैयार हुई स्वदेशी दूरबीन, 600 मीटर दूर दुश्मन पर लगाया जा सकेगा सटीक निशाना
- आयुध निर्माणी में एसाल्ट राईफल्स के लिए तैयार की दूरबीन
- पहले विदेश से मंहगे दामों पर खरीदनी पड़ती थी यह दूरबीन
विस्तार
पूर्ण रूप से स्वदेशी दूरबीन से अब छह सौ मीटर दूर दुश्मन पर सटीक निशाना लगाया जा सकेगा। यह आत्मनिर्भर भारत के तहत आयुध निर्माणी की ओर से एसाल्ट राइफल्स की बनी दूरबीन से होगा। आयुध निर्माणी ने इस दूरबीन का उत्पादन शुरू कर दिया है।
देहरादून में आयुध निर्माणी में इस दूरबीन की लॉचिंग शुक्रवार को आयुध निर्माणी के महाप्रबंधक पीके दीक्षित ने की। उन्होंने बताया कि यह पूर्ण रूप से आयुध निर्माणी देहरादून में तैयार किया है और पूरी तरह से स्वदेशी है।
एसाल्ट राइफल के लिए इस प्रकार की दूरबीन अभी तक यूएसएस, चेक रिपब्लिक और बेल्जियम से खरीदी जाती थी। जिसकी कीमत करीब पचास हजार होती थी, लेकिन आयुध निर्माणी में इसका निर्माण 40 हजार तक में किया है।
यानि अब हर दूरबीन पर दस हजार रुपये की बचत होगी। इसकी रेंज करीब छह सौ मीटर है। और इसका वजन 550 ग्राम है। लंबाई 220 मिमी है। इसका प्रयोग सेना के साथ ही अर्द्धसैनिक बल के जवान करते हैं।
अभी सेना को करीब 13000 दूरबीन की जरूरत है। इसके लिए पिछले दिनों सेना ने टेंडर किए थे। जिसमें आयुध निर्माणी ने भाग लिया है। यह आयुध निर्माणी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस दौरान आयुध निर्माणी के अपर महाप्रबंधक एससी झा, कैलाश प्रसाद, आरशर्मा, शर्मिष्ठा कौल, वीरेंद्र चौधरी, राहुल कनौजिया, दिव्या गौतम आदि मौजूद रहे।