देश की उभरती एथलीट को आपकी मदद की दरकार, हादसे के बाद हालत गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश की उभरती धाविका गरिमा जोशी को आपकी मदद की दरकार है। बंगलुरू में प्रैक्टिस से लौटते वक्त एक अज्ञात कार सवार ने गरिमा को टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना में उसकी रीढ़ की हड्डी और स्पाइनल कॉलर बुरी तरह टूट गए। उपचार पर लाखों रुपये का खर्च आ रहा है, जिसे वहन करने उसका परिवार पूरी तरह असमर्थ है।
अल्मोड़ा के चिलियानौला निवासी पूरन चंद्र जोशी की बेटी गरिमा जोशी, सोबन सिंह जीना परिसर अल्मोड़ा में बीए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा हैं। कुछ माह पूर्व गरिमा का चयन 27 मई को बंगलुरू में इंटरनेशनल एसोसिएट ऑफ एथलेटिक्स फेडरेशन की ओर से आयोजित होने वाली हाफ मैराथन के लिए हुआ।
बंगलुरू रवाना होने से पहले गरिमा मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिलने पहुंची। मुख्यमंत्री ने उसका हौसला बढ़ाते हुए 25 हजार रुपये की मदद भी जारी की। प्रतियोगिता में गरिमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर के करीब 11 हजार एथलीटों के बीच छठा स्थान हासिल किया।
पांच लाख से अधिक की मदद चाहिये
मणिपाल में होने वाली अगली प्रतियोगिता के लिए गरिमा उदिपी जिले में रहकर प्रैक्टिस करने लगी। 31 मई को बंगलुरू में प्रैक्टिस से लौटते हुए एक वाहन ने गरिमा को टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बेटी की दुर्घटना की खबर सुनते ही पिता पूरन चंद्र जोशी बंगलुरू पहुंचे। रीढ़ की हड्डी में फ्रेक्चर के बाद ऑपरेशन कर 18 रॉड इंप्लांट की गई। इसमें करीब 12 लाख से अधिक का खर्च आया।
पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि स्थानीय कारोबारी हीरा सिंह अधिकारी ने उन्हें 50 हजार की मदद की। इसके अलावा रिश्तेदारों, दोस्तों व अन्य लोगों से उधार लेकर अस्पताल का यह खर्च चुकाया। दुर्घटना में गरिमा की स्पाइनल कॉलर भी टूट गई, जिससे उनके कमर से नीचे का हिस्सा पूरी तरह सुन्न हो गया। पिता पूरन चंद्र ने बताया कि गरिमा की तबियत में सुधार है, लेकिन उसके कमर से नीचे के हिस्से का एहसास पूरी तरह खत्म हो गया है।
गरिमा के स्पाइनल कॉलर का करीब आठ हफ्ते का उपचार होना है, जिसमें सवा पांच लाख रुपये से अधिक का खर्च आना है। पिता पूरन चंद्र ने बताया कि उपचार का इस्टीमेट उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा को दिया है, जिन्होंने उन्होंने मदद का भरोसा दिलाया है।
सरकार को दिए ढाई लाख के बिल
पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि गरिमा के उपचार के लिए उन्होंने 12 लाख से अधिक रुपया उधार लिया है। बेरोजगार होने के कारण वह गरिमा के उपचार की रकम नहीं जुटा पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को उपचार के ढाई लाख से अधिक के बिल करीब 16 दिन पहले दिए थे।
कैंसर से जूझ रही मां
गरिमा की मां आशा जोशी भी कैंसर से जूझ रही हैं। उनका पिछले लंबे समय से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार चल रहा है। उपचार के चलते उनका एक पैर भी काटना पड़ा है। पिता पूरन चंद्र ने बताया कि वह पिछले 20 दिनों से दिल्ली में हैं। वहीं, गरिमा की देखरेख उसका भाई कर रहा है।
आप भी करें गरिमा की मदद
आप भी अपनी तरफ से गरिमा के उपचार में सहयोग कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए उनके पिता पूरन चंद्र जोशी का मोबाइल नंबर 8938822456 पर संपर्क किया जा सकता है। पीएनबी, द्वाराहाट में उनका खाता नंबर 6689000100024914 और आईएफएससी नंबर पीयूएनबी 0668900 है।