Amar Ujala Samvad 2023: फिल्म, उद्योग, खेल जगत के सितारों का होगा संगम, सवाल पूछने का भी मिलेगा मौका
कार्यक्रम में बॉलीवुड गायक कैलाश खेर, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, फिल्म अभिनेत्री श्रिया शरण, इस्कॉन के प्रचारक गौरांग दास प्रभु, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के सीईओ रंजीत कोहली आपसे रूबरू होने के लिए आ रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमर उजाला संवाद उत्तराखंड में 19 जून को होटल सरोवर प्रीमियर में फिल्म, उद्योग व खेल जगत की हस्तियों का संगम होगा। एक ओर जहां यूथ आइकॉन खिलाड़ी युवाओं में जोश भरेंगे तो वहीं उद्योग जगत की हस्तियां सफलता के सूत्र सुझाएंगी। कार्यक्रम में बॉलीवुड गायक कैलाश खेर, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, फिल्म अभिनेत्री श्रिया शरण, इस्कॉन के प्रचारक गौरांग दास प्रभु, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के सीईओ रंजीत कोहली आपसे रूबरू होने के लिए आ रहे हैं। स्वर्णिम शताब्दी की ओर कदम बढ़ा रहे अमर उजाला के इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के आगामी 25 साल के विकास पर चर्चा होगी।
Amar Ujala Samvad 2023: युवा प्रतिभा और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वालों का होगा सम्मान
कैलाश खेर
बगड़ बम-बम लहरी...फेम सूफी गायक कैलाश खेर ने 18 भाषाओं में गाने गाये हैं। इन दिनों दौलत शोहरत गीत से सुर्खियां बटोर रहे कैलाश बॉलीवुड में 300 से अधिक गीतों को अपनी आवाज दे चुके हैं। कैलाश खेर को संगीत मानों विरासत में मिली हो। उनके पिता पंडित मेहर सिंह खेर पुजारी थे और अक्सर घरों में होने वाले इवेंट में परंपरागत लोक गीत गाया करते थे। कैलाश ने बचपन में पिता से ही संगीत की शिक्षा ली। इसके बाद 13 साल की उम्र में वह संगीत की और बेहतर शिक्षा के लिए परिजनों से बगावत करके दिल्ली चले गए। यहां आकर उन्होंने संगीत की शिक्षा के साथ ही गुजारा करने के लिए छोटा सा काम भी शुरू किया। साथ में विदेशी लोगों को संगीत भी सिखाकर पैसे कमाते थे। कैलाश ने मुंबई में कई सालों तक संघर्ष किया। फिल्म अंदाज से उन्हें ब्रेक मिला। इस फिल्म में कैलाश ने ''''रब्बा इश्क ना होवे'''' में अपनी आवाज दी। फिल्म वैसा भी होता है के गीत ''''अल्ला के बंदे हम'''' ने उन्हें रातोंरात सुरों का सरताज बना दिया। दर्जनों अवार्ड हासिल कर चुके कैलाश खेर ने 2009 में मुंबई निवासी शीतल से शादी की। उनका एक चार साल का बेटा कबीर है। बाहुबली 2 फिल्म में जयजकारा से लेकर उन्हें भगवान शिव की स्तुति पर आधारित कई गीतों के लिए शोहरत हासिल है।
श्रिया शरण
श्रिया शरण ऐसी फिल्म अभिनेत्री हैं, जो बॉलीवुड के साथ ही तमिल और तेलुगू फिल्मों में भी अपने अभिनय का जादू बिखेर चुकी हैं। 2007 में रजनीकांत की शिवाजी द बॉस फिल्म में अपनी छाप छोड़ने वाली श्रिया इन दिनों दृश्यम-2 में अपने अभिनय के लिए सुर्खियां बटोर रही हैं। 11 सितंबर 1982 को जन्मी श्रिया की शुरुआती शिक्षा हरिद्वार में हुई। उनके पिता बीएचईएल में काम करते थे जबकि मां डीपीएस रानीपुर में केमिस्ट्री की अध्यपाक थी। उन्होंने अपने कॅरियर की शुरुआत संगीत वीडियो में अभिनय से की। साथ ही कलाकार बनने का अपना सपना पूरा करने के लिए वे एक अभिनय स्टूडियो में भाग लेती थीं। वर्ष 2001 में इष्टम के साथ श्रीगणेश करते हुए, 2002 में अपनी पहली जबरदस्त हिट फिल्म संतोषम में भानु की भूमिका के जरिए उन्होंने तेलुगू सिनेमा का ध्यान अपनी ओर खींचा। 2007 में, शिवाजी: द बॉस में रजनीकांत के साथ अभिनय करने के बाद श्रिया शरण एक राष्ट्रीय हस्ती बन गईं। उनकी सर्वाधिक लोकप्रिय फिल्मों में संतोषम (2002), टैगोर (2003), शिवाजी: द बॉस (2007) और कंदस्वामी (2009) शामिल हैं।
गौरांग दास प्रभु
इस्कॉन प्रचारक गौरांग दास की पहचान एक इंजीनियर से साधु और विभिन्न रूपों में मानी जाती है। आईआईटी से इंजीनियरिंग करने के बाद वह साधु बने। लीडरशिप कंसलटेंट के रूप में उनकी अलग पहचान है। कारपोरेट जगत में एक कोच व प्रेरक वक्ता के अलावा एनवायरमेंट लीडर के तौर पर भी देश दुनिया में पहचाने जाते हैं। समाज सुधारक से लेकर आध्यात्मिक नेता तक का उनका सफर सबके लिए प्रेरणादायक है। वह शिक्षक होने के साथ ही शिक्षाविद् भी हैं। इस्कॉन मुंबई में प्रचारक के तौर पर शामिल होने से पहले गौरांग दास प्रभु ने किर्लोस्कर के लिए काम किया है। आज इस्कॉन के माध्यम से वे देश दुनिया में अध्यात्म को आगे बढ़ा रहे हैं। वह गोवर्धन इको विलेज के निदेशक भी हैं।
रंजीत कोहली
उद्योग जगत में रंजीत कोहली एक बड़ा नाम है। ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रंजीत इससे पहले डोमिनोज इंडिया के प्रेसीडेंट और चीफ बिजनेस ऑफिसर पद पर सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने अपने कॅरियर की शुरुआत कलर स्टील्स से वर्ष 1997 से की। वर्ष 1999 में उन्होंने एरिया सेल्स मैनेजर के तौर पर एशियन पेंट्स ज्वाइन किया। इसके बाद 2004 में कोका कोला कंपनी में जीएम से लेकर सीनियर वाइस प्रेसीडेंट तक के पदों पर 13 साल तक सेवाएं दीं। 2018 में उन्होंने एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसीडेंट व सीओओ के पद पर डोमिनोज ज्वाइन किया। चार साल तक उन्होंने यहां सेवाएं दीं और प्रेसीडेंट पद तक पहुंचे। 2022 से वह ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज में सीईओ के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। आज के युवाओं के लिए वह मिसाल हैं।
रानी रामपाल
महज 15 साल की उम्र में भारतीय हॉकी टीम में शामिल होने वाली टीम की कप्तान रानी रामपाल को भारतीय हॉकी की ''''रानी'''' कहा जाता है। हरियाणा के शाहबाद मारकंडा निवासी रानी की कहानी हिम्मत के बल पर तमाम दुश्वारियों से संघर्ष करके विजयी होने की है। रानी के पिता आजीविका के लिए तांगा चलाते थे। परिवार में भाई-बहनों में रानी सबसे छोटी हैं। अपने प्रदर्शन के बाद रानी ने रेलवे में क्लर्क की नौकरी हासिल की और टीम के साथ-साथ परिवार की भी जिम्मेदारी संभाल रही हैं। 2010 विश्व कप में भाग लेने वाली भारतीय हॉकी टीम की वे सबसे कम उम्र की (१५ वर्ष) खिलाड़ी थीं। रानी ने 14 साल की उम्र में अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था। उन्होंने 2009 में एशिया कप के दौरान भारत को रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वह 2010 के राष्ट्रमंडल खेल और 2010 के एशियाई खेल के दौरान भारतीय टीम का हिस्सा थीं। 2013 में जूनियर महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता, जो कि विश्व कप हॉकी प्रतिस्पर्धा में 38 साल बाद भारत का पहला कोई मेडल है। इस जीत का श्रेय रानी रामपाल को भी जाता है। वह आमतौर पर सेंटर फॉरवर्ड पर खेलती हैं। इस प्रतिस्पर्धा में वह यंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुनी गईं थीं। रॉजारियो (अर्जेंटीना) में महिला हॉकी वर्ल्ड कप में सात गोल कर सर्वश्रेष्ठ यंग फॉरवर्ड का अवॉर्ड हासिल करने वाली रानी सबके लिए मिसाल है।
अनुप्रिया पटेल
अनुप्रिया पटेल देश की 16वीं लोकसभा में उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर सीट से सांसद हैं। अनुप्रिया पटेल मोदी सरकार की सबसे युवा मंत्री हैं। वह वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं। अनुप्रिया 2016 से 2019 तक केंद्र सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री थीं। अनुप्रिया पटेल अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्हें पार्टी ने सितंबर 2019 में अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना था। उनके पिता अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल थे। माता कृष्णा पटेल हैं। 2012 में अनुप्रिया पटेल उत्तर प्रदेश विधानसभा की सदस्य भी चुनी गई थीं।
अजय भट्ट
एक मई 1961 को जन्म अजय भट्ट वर्तमान में रक्षा मंत्रालय और पर्यटन मंत्रालय में बतौर राज्यमंत्री हैं। भट्ट नैनीताल लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद हैं। इससे पहले वह भाजपा में उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को 3,39,096 के भारी भरकम अंतर से पराजित किया था। 2017 से पहले वह उत्तराखंड में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।वीरेंद्र सहवाग
नजफगढ़ के नवाब वीरेंद्र सहवाग का जन्म 20 अक्तूबर 1978 को हरियाणा में हुआ था। प्यार से उन्हें सभी वीरू कहते हैं। आधुनिक क्रिकेट के जेन मास्टर के रूप में पहचाने जाने वाले वीरू दायें हाथ के आक्रामक सलामी बल्लेबाज हैं। क्रिकेट में अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से वह कई बार बल्लेबाजों को चारों खाने चित कर चुके हैं। उन्होंने भारत की ओर से पहला एकदिवसीय मैच 1999 में व पहला टेस्ट मैच 2001 में खेला था। अप्रैल 2009 में सहवाग एकमात्र ऐसे भारतीय बने, जिन्हें "विजडन लीडिंग क्रिकेटर ऑफ द ईयर" के खिताब से नवाजा गया। उन्होंने अगले वर्ष भी इस खिताब को फिर जीता।आचार्य बालकृष्ण
पतंजलि योगपीठ के अध्यक्ष आचार्य बालकृष्ण का जन्म चार अगस्त 1972 को हुआ था। वह आयुर्वेद के आचार्य और योग गुरु बाबा रामदेव के सहयोगी हैं। 2019 में आचार्य बालकृष्ण को यूएन ने सम्मानित किया था। उनको आयुर्वेद, योग के क्षेत्र में नए अनुसंधान को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने के लिए सम्मान मिला था। आचार्य बालकृष्ण पूर्व में अपनी कंपनी रूचि सोया के एमडी भी रह चुके हैं।एम जगदीश कुमार
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार शिक्षाविद्, कुशल प्रशासक और लेखक के तौर पर जाने जाते हैं। आईआईटी दिल्ली के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर एम जगदीश कुमार इससे पहले 28 जनवरी 2016 से सात फरवरी 2022 तक जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय दिल्ली के कुलपति रह चुके हैं। फरवरी 2022 में उन्होंने यूजीसी चेयरमैन का पदभार संभाला था। तेलंगाना के नालगोंडा जिले में जन्मे कुमार ने आईआईटी मद्रास से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की है।सुदीप जैन
इंटर कॉन्टिनेंटल होटल्स ग्रुप के साउट वेस्ट एशिया के प्रबंध निदेशक सुदीप जैन होटल इंडस्ट्री में एक स्थापित नाम है। देश दुनिया में इस ग्रुप के 200 से ज्यादा होटल व रिजॉर्ट हैं। प्रदेश में होटल इंडस्ट्री को नए आयाम तक पहुंचाने के लिए वह जरूरी सलाह देंगे तो इस क्षेत्र से जुड़े युवाओं को भी कामयाबी के सूत्र बताएंगे।रंजन सोढ़ी
23 अक्तूबर 1979 को पंजाब के फिरोजपुर में जन्मे इंडियन डबल ट्रैप शूटर रंजन सोढ़ी आज शूटिंग में भाग्य आजमा रहे युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। उन्होंने 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स में दो सिल्वर मेडल और इसी साल एशियन गेम्स में एक गोल्ड मेडल जीता था। अर्जुन अवार्ड और राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित रंजन सोढ़ी संवाद उत्तराखंड में उत्तराखंड में शूटिंग के भविष्य पर अपने अनुभव साझा करेंगे।संदीप अग्रवाल
वाशिंगटन यूनिवर्सिटी से एमबीए करने वाले संदीप देश में अकेले ऐसे तकनीकी उद्यमी हैं, जिन्होंने एक के बाद एक दो कंपनियां ड्रूम और देश की बड़ी ऑटोमोबाइल ई-कॉमर्स कंपनी शॉप क्लूज की स्थापना की है। वह देश के जाने-माने उद्यमी हैं जो युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। संवाद उत्तराखंड में वह अपने अनुभव साझा करने के साथ ही सवालों के जवाब भी देंगे।मीनाक्षी दीक्षित
फिल्म अभिनेत्री मीनाक्षी दीक्षित तेलुगु, तमिल, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में अपने अभिनय के लिए पहचानी जाती हैं। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में जन्मी मीनाक्षी ने 2008 में एनडीटीवी इमेजिन के डांस रियलिटी शो नचले वे विद सरोज खान में प्रतियोगी तौर पर हिस्सा लिया था। पहली बार तेलुगु फिल्म लाइफस्टाइल में दिखाई दीं। उन्होंने मॉडलिंग में कदम रखा और स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के साथ काम किया। 2011 में उन्होंने सबसे अधिक कमाई करने वाले तेलुगू फिल्म डुकुडु में एक डांस नंबर दिया। तमिल फिल्म बिल्ला 2 में आइटम नंबर किया। तमिल पीरियड-कॉमेडी तेनालीरामन में राजकुमारी की भूमिका निभाई जबकि थ्रिलर-ड्रामा फिल्म अदवी कचीना वेनेला में उन्होंने एक शार्पशूटर का किरदार निभाया। पी से पीएम तक फिल्म में उनके किरदार को खूब सराहा गया।रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.