फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Amar Ujala Hindi hain Hum Campaign: Uttarakhand Folk singers Talk

अमर उजाला ‘हिंदी है हम’ अभियान: लोक भाषाओं से समृद्ध होगा हिंदी का भंडार 

Sun, 13 Sep 2020 06:19 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: अलका त्यागी Updated Sun, 13 Sep 2020 06:19 PM IST
सार

  • वेबिनार में लोक संगीत से जुड़े कलाकारों ने रखी अपनी राय 

विज्ञापन
Amar Ujala Hindi hain Hum Campaign: Uttarakhand Folk singers Talk
हिंदी हैं हम - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

देश के अलग-अलग हिस्सों में बोली जाने वाली भाषाओं से हिंदी का भंडार समृद्ध हो रहा है। हिंदी में आंचलिक भाषाओं के कई शब्द बहुतायत से प्रयोग किए जा रहे हैं, जिन्होंने हिंदी में अपनी विशेष जगह बना ली है। विशेषकर उत्तराखंड की आंचलिक भाषाओं का हिंदी के साथ एक नजदीकी रिश्ता है। 

विज्ञापन


अमर उजाला ‘हिंदी है हम’ अभियान के तहत आयोजित वेबिनार में लोक संगीत से जुड़े कलाकारों ने इन बिंदुओं पर विस्तार से अपनी राय रखी। जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण, किशन महिपाल, रजनीकांत सेमवाल, अमित सागर और संगीतकार विनोद चौहान ने कहा कि आंचलिक भाषाओं गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी को बोलने-समझने वालों की तादाद लाखों में है। अब उन्हें संविधान की आठवीं अनुसूची में जगह देने का वक्त आ गया है।
विज्ञापन


प्रयोगात्मकता और नवाचार से आंचलिक भाषाएं भी समृद्ध हो रही है, जिसका लाभ हिंदी को भी मिल रहा है। कलाकारों को भाषा में प्रयोग करने की छूट मिलनी चाहिए ताकि नए शब्द, भाव, साहित्य और संगीत की उत्पत्ति हो सके। 
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि अंग्रेजी में रोजगार के अवसर ज्यादा है। इसलिए उसको बोलने वालों की तादाद भी ज्यादा है। हिंदी में भी रोजगार के अवसरों में इजाफा हो रहा है। तमाम बड़ी कंपनियों ने भारत में हिंदी की ताकत को पहचानते हुए उसे ही लोगों तक पहुंचने का जरिया बनाया है। आंचलिक भाषाओं की कला, साहित्य, संगीत में भी हिंदी सबको जोड़ने का काम करती है। देश के अलग-अलग राज्यों और अलग-अलग संस्कृतियों के लोग खुद को हिंदी से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं। 

आर्थिकी से जोड़कर होगा भाषाओं का विकास : अमित

लोक गायक अमित सागर ने कहा कि वही बोली-भाषाएं समृद्ध होंगी जो आर्थिकी से जुड़ी होंगी और लोगों का पेट भरने में सक्षम होंगी। प्रदेश के सभी लोक कलाकार उत्तराखंड की आंचलिक भाषाओं में काम कर रहे हैं, क्योंकि इससे उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। जिन लोगों को हिंदी से रोजगार मिलता है, वो हिंदी को बढ़ावा देते हैं। अंग्रेजी ने देश में रोजगार के तमाम नए अवसर दिए हैं। वैसे भी अंग्रेजी सिर्फ एक भाषा न होकर लाइफस्टाइल और स्टेटस सिंबल बन चुकी है। इसी तरह के प्रयास हिंदी और लोक भाषाओं के साथ भी करने होंगे। हिंदी का बाजार बेहद विस्तृत है। हिंदी देश के लाखों लोगों को जोड़ने का काम करती है।

दिमाग के साथ दिलों को जोड़ती है हिंदी : भरतवाण
जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण ने कहा कि अंग्रेजी दुनियाभर के दिमाग को जोड़ती है, लेकिन हिंदी दिल जोड़ने का काम करती है। विदेशों में बसे लोग भी अपनों से मिलकर अपनी भाषा में बात करना पसंद करते हैं। ये हिंदी की ताकत है, जिसे गूगल और फेसबुक जैसी दुनिया की बड़ी कंपनियां पहचान रही हैं। जरूरत इस बात की है कि हिंदी के साथ अपनी दुधबोली (मातृ भाषा) को भी समृद्ध किया जाए। क्षेत्रीय भाषाएं ही हिंदी की जननी रही हैं। पूरे भारत में 16 सौ से ज्यादा भाषाएं बोली जाती हैं, जिनके हजारों-लाखों शब्द हिंदी को समृद्ध कर रहे हैं। 17वीं सदी के बाद स्थानीय भाषाओं से हिंदी का प्रादुर्भाव हुआ। हिंदी बड़े क्षेत्र की भाषा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि लोक भाषाओं में आत्मीयता होती है। अंग्रेजी जरूरत के चलते सीखी जा रही है। गढ़वाली भाषा का साहित्य भी बेहद समृद्ध है। कई जगह गढ़वाली में हिंदी से ज्यादा शब्द हैं। उसके बावजूद लोक भाषाओं का विकास एक बिंदु पर आकर रुक गया है। भाषा का उन्नयन बेहद जरूरी है। संविधान की आठवीं अनुसूची में गढ़वाली, कुमाऊंनी को शामिल करने के प्रयास लंबे समय से चल रहे हैं। अब वक्त आ गया है कि इन भाषाओं को अनुसूची में शामिल किया जाए। स्कूल में हिंदी-अंग्रेजी के साथ लोक भाषाएं भी पढ़ाई जाएं

प्रयोगधर्मिता और नवाचार से बढ़ेगी लोक भाषाएं : महिपाल
प्रसिद्ध लोक गायक किशन महिपाल का मानना है कि प्रयोगधर्मिता और नवाचार से ही लोक भाषाएं आगे बढ़ेंगी। कलाकारों को प्रयोग करने की छूट मिलनी चाहिए, तभी भाषा, साहित्य, संगीत, कला में नई चीजें सामने आएंगी। परंपरागत रूप में एक लाइन पर चलने से भाषा समृद्ध नहीं होगी। किशन महिपाल ने कहा कि लोक भाषा, कला, संस्कृति में सभी परंपराओं का पुट जरूरी है। बहुत बार ऐसा होता है जब किसी नए गीत को लोग सिर्फ यह कहते हुए अस्वीकार कर देते हैं कि यह संस्कृति या भाषा से छेड़छाड़ है। अगर सिर्फ परंपरागत पुराने गीत, संगीत या कला को परोसा जाए तो लोग कहते हैं कि ये तो पुराना है, इसमें नया क्या है। पारंपरिक लोक कलाओं और गीत-संगीत में शोध करने की जरूरत है। इससे हिंदी को भी फायदा होगा क्योंकि हिंदी के शब्द भंडार भी इन्हीं भाषाओं के शब्दों से भरे हुए हैं।

भाषाओं के उत्थान को करने होंगे ठोस प्रयास : रजनीकांत
स्थानीय भाषाओं के प्रचार-प्रसार का जिम्मा साहित्यकारों और कलाकारों पर है। भाषाओं के उत्थान के लिए सरकारों को भी ठोस प्रयास करने होंगे। लोक गायक रजनीकांत सेमवाल ने कहा कि सरकारों ने बोली-भाषा के प्रचार-प्रसार और संरक्षण-संवर्धन के लिए अकादमी तो खोली है लेकिन  इसका कितना फायदा अब तक भाषाओं को मिला, इसको लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता। जरूरत ठोस योजनाएं बनाकर उनको धरातल पर उतारने की है। उन्होंने कहा कि सरकार को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। 
उत्तराखंड की म्यूजिक व फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े ज्यादातर कलाकार अपनी बोली भाषा को बढ़ावा देने में जुटे हैं। देश दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में संस्कृति और बोली-भाषा को पहुंचाने में इन कलाकारों की अहम भूमिका है। जैसे-जैसे हिंदी का बाजार बढ़ रहा है इस पर शोध के कार्यों में गति आई है। इसी तरह की जरूरत लोक भाषाओं को भी है। राज्य सरकार को लोक भाषाओं को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की दिशा में भी प्रयास करने चाहिए। देश के कई ऐसे राज्य हैं, जहां पर लोक भाषाओं की पढ़ाई बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोक भाषा जानने-सीखने से किसी भी व्यक्ति का उस राज्य के प्रति भावनात्मक लगाव होता है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed