टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर कार खाई में गिरी, एक महिला की मौत, सात लोग बुरी तरह घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर बनलेख के पास एक ऑल्टो कार 30 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को इलाज के बाद जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हादसे की वजह ओवरलोडिंग और चालक की लापरवाही मानी जा रही है।
रविवार को कार (संख्या यूके 03 टीए/1309) बाराकोट विकासखंड के सील से खटीमा जा रही थी। कार में सील गांव निवासी राजेंद्र सिंह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बैठे हुए थे। इसके अलावा लोहाघाट से नेपाल निवासी तीन लोग भी कार में थे। यह सब लोग खटीमा जा रहे थे।
चंपावत से नौ किलोमीटर दूर बनलेख के पास कार असंतुलित होकर करीब 30 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में राजेंद्र सिंह की पत्नी मुन्नी देवी (35) की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाल सलाउद्दीन खान के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा। सभी घायलों को 108 सेवा और अन्य वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों का इलाज कर रहे अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ.एचएस ऐरी ने बताया कि उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई है। उधर, पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। राजेंद्र सिंह खटीमा में एक होटल में नौकरी करते थे और दिवाली के बाद परिवार सहित खटीमा जा रहे थे।
हादसे की अलग-अलग वजह बता रहे हैं
यात्री और चालक दोनों हादसे की अलग-अलग वजह बता रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि चालक कार चलाते-चलाते पिछली सीट पर यात्रियों को आगे-पीछे होकर बैठने के लिए कह रहा था। इस बीच एकाएक कार सीधे खाई में लुढ़क गई।
वहीं, चालक का कहना है कि आगे सीट पर बैठे छोटे बच्चे ने गियर बदल दिया। कोतवाल का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
घायलों की सूची
1. राजेंद्र सिंह (40) पुत्र लक्ष्मण सिंह सील (बाराकोट)
2. सुमित बिष्ट (11) पुत्र राजेंद्र सिंह सील (बाराकोट)
3. मानसी (3) पुत्री राजेंद्र सिंह सील (बाराकोट)
4. शेर राम (40) पुत्र झनकू राम, बैतड़ी (नेपाल)
5. हरू देवी (35) पत्नी शेर राम बैतड़ी (नेपाल)
6. मीनू (7) पुत्री शेर राम बैतड़ी (नेपाल)
7. चालक चंचल सिंह पुत्र रूप सिंह ग्राम गंगनौला (लोहाघाट)