केदारनाथ पहुंचे वायुसेना के अफसर, दुर्घटनाग्रस्त एमआई-17 की 5 घंटे तक की जांच
सेना के जांच दल ने केदारनाथ धाम पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त एमआई-17 हेलीकॉप्टर का करीब पांच घंटे तक गहन निरीक्षण किया। पायलट, को-पायलट और स्टाफ के अन्य सदस्यों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद जांच टीम बरेली के लिए रवाना हो गई।
दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर की 24 घंटे सुरक्षा के लिए रेगुलर और राजस्व पुलिस के कर्मचारी मौके पर तैनात कर दिए गए हैं। बरेली से सेना का जांच दल बुधवार को हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचा। जांच दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त एमआई-17 की स्थिति और दुर्घटना के भौगोलिक कारणों का जायजा लिया।
सैन्य अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त एमआई-17 के सभी उपकरणों का भी गहनता से निरीक्षण कर पायलट विंग कमांडर एसएस मुल्तानी व टीम के अन्य सदस्यों से जानकारी भी ली। घटनास्थल पर पांच घंटे तक चली जांच के बाद सेना के अधिकारियों ने उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान के साथ बैठक कर जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल से फोन पर दुर्घटनाग्रस्त एमआई-17 की 24 घंटे सुरक्षा को लेकर बात की।
इस बीच केदारनाथ से सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में घायल कर्मचारी अखिलेश को लेकर बरेली के लिए रवाना हो गया।इधर, जिलाधिकारी घिल्डियाल ने बताया कि सेना द्वारा पूरे प्रकरण की प्रारंभिक जांच की गई है, जबकि एक और जांच दल अगले दो दिनों में केदारनाथ पहुंचेगा। इसके बाद जारी रिपोर्ट के आधार पर क्षतिग्रस्त एमआई-17 को लेकर कार्रवाई होगी। तब तक केदारनाथ में हेलीकॉप्टर की 24 घंटे सुरक्षा के लिए दो जवान तैनात कर दिए गए हैं।