राष्ट्रपति ने दिया अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का मंत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था कृषि से ही सुधर सकती है। इसलिए गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शोधार्थी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अपना योगदान दें। राष्ट्रपति ने पंत विश्वविद्यालय को हरित क्रांति के तकनीकी क्षेत्र में जननी बताया।
उन्होंने कृषि विश्वविद्यालयों को देश की कृषि के विकास में बदलाव का केंद्र बिंदु बनने का आह्वान भी किया। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी मंगलवार को पंतनगर विवि के 29वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 1208 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने पंतनगर विवि के कृषि शोध और तकनीकी विकास में वृहद योगदान का जिक्र करते हुए यहां के गुणवत्ता युक्त बीजों और उत्तम स्नातकों के साथ विवि के प्रदर्शन को उत्कृष्ट बताया। उन्होंने उर्वरकों के अधिक इस्तेमाल से बचने को कहा।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ भारत में पोषण सुरक्षा की बदहाल स्थिति की ओर ध्यान दिलाते हुए पोषणयुक्त मोटे अनाज पर अधिक शोध कर इनका उत्पादन बढ़ाने और दूसरी पोषक फसलें तैयार करने पर बल दिया।
पंतनगर विवि देश की हरित क्रांति का अग्रदूत: राज्यपाल
प्रशासनिक भवन हुए विवि के दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल डॉ. कृष्णकांत पॉल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हरीश रावत के साथ-साथ प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह विशेष अतिथि थे। कुलाधिपति डॉ. केके पॉल ने उपाधि प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए पंतनगर विवि को देश में हरित क्रांति का अग्रदूत बताया। उन्होंने कृषि को प्राथमिकता देते हुए इसे लाभकारी व्यवसाय के रूप में बदलने की आवश्यकता बताई।
1208 विद्यार्थियों को मिली डिग्री
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से चुनौतियों को स्वीकार करते हुए अपने देश, समाज की सेवा में अनुपम योगदान देने को कहा। दीक्षांत समारोह में 1208 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई। साथ ही 44 विद्यार्थियों को विभिन्न पदक दिए गए।
इनमें 15 विद्यार्थियों को कुलपति स्वर्ण पदक, 15 को कुलपति रजत और 13 को कुलपति कांस्य पदक प्रदान किए गए। सर्वोत्तम विद्यार्थी को दिया जाने वाला कुलाधिपति स्वर्ण पदक कृषि वानिकी के स्नातक कृष्ण मुरारी को दिया गया। इसके अतिरिक्त 6 विद्यार्थियों को विभिन्न अवार्ड दिए गए।