स्कूल बस पर गिरी आकाशीय बिजली, 16 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार को उत्तराखंड के भीमताल में एक स्कूल बस पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस घटना में 16 लोग घायल हो गए। इसके साथ ही काशीपुर के एक मंदिर पर भी आकाशीय बिजली गिरी। लेकिन कोई हताहता नहीं हुआ।
शुक्रवार को सुबह के वक्त मौसम खराब होने से भीमताल के बेतालघाट में बच्चों को ले जा रही एक स्कूल पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे 14 बच्चों और दो भोजन माताओं के घायल होने की खबर है। सभी घायलों को खेरना स्थित सीएससी में भर्ती करवाया गया है।
डॉक्टरों ने घायलों में से दो बच्चों की हालत बेहद नाजुक बताई है। इसके साथ ही काशीपुर के शिव मंदिर पर भी आकाशीय बिजली गिरी, लेकिन वहां किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मौसम ने बदला अपना रंग
शुक्रवार को मौसम का मिजाज उत्तराखंड में पूरी तरह बदला दिखा। ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार देर रात से ही बर्फबारी हो रही है। सुबह दून और गढ़वाल के अन्य इलाकों में बारिश हुई। कई जगह ओले भी गिरे।
देहरादून में शुक्रवार की सुबह गरज के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान तेज हवा के साथ ओले भी गिरे। जिसके बाद मौसम साफ हो गया।
इससे पहले गुरुवार देर रात से ही राजधानी में बारिश होती रही। शुक्रवार तड़के भी गरज के साथ बारिश हुई और आसमान में बादल छाए रहे। सुबह लगभग 10 बजे अचानक अंधेरा छा गया, जिसके बाद तेज हवाएं चलीं। और थोड़ी देर बाद जोरदार बारिश हुई।
इस बरसात से जहां कुछ दिनों से मौसम में कुछ नमी महसूस की गई, वहीं लोगों की बीच यह चर्चा भी गर्म रही कि इस बारिश के साथ अब सर्दी खत्म हो जाएगी।
बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि से जाती हुई ठंड एक बार फिर लौट आई है। केदारनाथ, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और गंगोत्री-यमुनोत्री समेत ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में भी बर्फबारी हो रही है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली में बर्फीली हवाएं चल रही हैं।