देहरादून। कोरोना शुरू होने के बाद लंबे समय से एक बार फिर त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है। नवरात्र के बाद दशहरा, दीपावली भैया दूज, गोवर्धन पूजा त्योहार हैं। ऐसे में व्यापारियों के चेहरे पर रौनक तो है, लेकिन कोरोना के चलते चिंतित भी हैं। इसके लिए व्यापारियों ने जिला प्रशासन से सहयोग मांगा हैं। व्यापारियों का कहना है कि जिला प्रशासन त्योहारी सीजन में सख्ती से पेश न आए।
आगामी त्योहारी सीजन में बाजारों की व्यवस्था बनाने के लिए दून उद्योग व्यापार मंडल ने बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर गोपाल राम बिनवाल के साथ बैठक की। इस दौरान व्यापारियों ने बाजारों के संचालन और ग्राहकों की सुरक्षा पर सुझाव दिए। बाजारों में भीड़ कम कैसे हो इसके लिए भी चर्चा की गई। इस दौरान अध्यक्ष विपिन नागलिया ने कहा कि कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए सभी व्यापारी सावधानीपूर्वक अपना व्यापार करें। कार्यकारी अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि विगत आठ माह से व्यापारी परेशान हैं। अब त्योहारी सीजन में व्यापार में तेजी आने की उम्मीद है। व्यापारियों ने कोरोना के दौरान जिला प्रशासन का पूरा सहयोग किया। इसलिए अब प्रशासन भी उनका सहयोग करे और ग्राहकों और व्यापारियों के साथ सख्ती से पेश न आएं। महामंत्री सुनील मैसोन ने कहा कि सभी व्यापारी त्योहारों का इंतजार कर रहे हैं। व्यापारियों को इस दौरान अपनी और ग्राहक की सुरक्षा का भी ध्यान रखना होगा। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष डीडी अरोड़ा कमलेश अग्रवाल, गुरुभेज सिंह, अमरजीत सिंह, हरीश मेहता, शकील अहमद, कुलभूषण, रोशन लाल, रविंद्र सिंह आनंद, सचिन महेश्वरी, अभिषेक शर्मा, सहित विभिन्न बाजारों के अध्यक्ष, महासचिव मौजूद रहे।