Accident: श्रीनगर में हादसा...जुयालगढ़ के पास दो कारों की आमने-सामने से हुई टक्कर, तीसरी गाड़ी खाई में गिरी
Uttarakhand Accident News: एक कार ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी कार श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर आ रही थी। दोनों की आपस में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसी दौरान एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।
विस्तार
उत्तराखंड में श्रीनगर के कीर्तिनगर कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। जुयालगढ़ में तीन चौपहिया वाहन एक साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गए। जिसमें दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जबकि एक वाहन बचाव करने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गया। हादसे में 18 लोग चोटिल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर दो बजे की है। एक कार ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी कार श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर आ रही थी। दोनों की आपस में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसी दौरान एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। गनीमत रही कि वाहन नदी में जाने से बच गया।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे: तोताघाटी में कल तीन घंटे बंद रहेगा रास्ता, इस समय नहीं होगी वाहनों की आवाजाही
कोतवाली निरीक्षक कीर्तिनगर देवराज शर्मा ने बताया कि बोलेरे वाहन में चालक के अलावा 10 लोग सवार थे, जो महाराजगंज उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। एक कार में केवल चालक मौजूद था, जबकि दूसरी कार में चालक सहित छह लोग सवार थे।
इस दुर्घटना में 18 लोग चोटिल हुए हैं। सभी लोगों रेस्क्यू कर बेस अस्पताल श्रीनगर में उपचार दिया जा रहा है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. अजेय विक्रम सिंह ने बताया कि दो लोगों को गंभीर चोटें हैें, जबकि अन्य को हल्की चोट लगी है।