Coronavirus: उत्तराखंड में मंगलवार को मिले 97 कोरोना संक्रमित, कुल मरीजों की संख्या हुई 1942
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश में 97 और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके बाद अब प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1942 पहुंच चुका है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने इसकी पुष्टि की है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के माली की मौत, कोरोना को हराकर लौटा था बुजुर्ग
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, अल्मोड़ा में 10 और देहरादून में 18 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं टिहरी में 14, हरिद्वार में 27, पिथौरागढ़ में सात, ऊधमसिंह नगर में आठ, उत्तरकाशी में पांच और नैनीताल दो व पौड़ी में छह संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में अब तक 1194 संक्रमित मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। जबकि अभी भी 680 एक्टिव केस हैं।
विदेश से आने वाले अब राज्य में भी हो सकेंगे क्वारंटीन
विदेशों से वापस राज्य में आ रहे लोगों के लिए शासन ने मंगलवार को नई एसओपी जारी की है। इसके तहत अब बाहर से आने वाले लोग प्रदेश में भी संस्थागत क्वारंटीन हो सकेंगे।
मुख्य सचिव की ओर से जारी एसओपी में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि बाहरी देशों से आने वाले प्रवासी उत्तराखंड के किसी जिले में या तो अपने खर्च पर या निशुल्क सरकारी व्यवस्था के तहत सात दिन के लिए क्वारंटीन हो सकेंगे।
अभी तक बाहर से आने पर इन्हें सात दिन के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर भी क्वारंटीन होना होता था। इन्हें सात दिन के बाद 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन होना होगा। यह उन लोगों के लिए है जिनमें किसी तरह के संक्रमण के लक्षण नहीं हैं।
हरिद्वार में प्रदेश के आधे से अधिक कंटेनमेंट जोन
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश में कंटेनमेंट जोन की संख्या 83 पहुंच गई है। इसमें आधे से अधिक जोन हरिद्वार जिले में हैं। कंटेनमेंट जोन में आवश्यक सेवाओं को छोड़ कर सभी तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह पाबंदी है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर रिपोर्ट के अनुसार देहरादून में 21, हरिद्वार में 48, टिहरी में 10, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर जिले में 2-2 कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए हैं। केंद्र सरकार की गाइडलाइन के आधार पर प्रदेश सरकार का अब कंटेनमेंट जोन पर फोकस हैं।
कंटेनमेंट जोन में किसी तरह की कोई ढील नहीं है। आवश्यक सेवाओं को छोड़ कर बाकी सभी तरह की गतिविधियों और लोगों की आवाजाही बंद है।
दिल्ली से मसूरी पहुंच चार युवक गिरफ्तार
पुलिस ने दिल्ली से आए चार पर्यटकों को कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल ने बताया कि चेकिंग के दौरान दिल्ली निवासी चार युवकों को नशे की हालत में अपनी कार से आते हुए कोल्हूखेत पर रोका गया।
जहां पर युवकों ने कार नहीं रोकी। इस पर पीछा कर गांधी चौक के पास उनकी कार को रोक कर चारों को हिरासत में ले लिया गया। चारों युवक शराब के नशे में व बिना मास्क के थे। कोविड-19 के नियमों के तहत पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया।
पकड़े गए विवेक शर्मा पुत्र अजेंदर शर्मा, हिमांशु त्यागी पुत्र विनोद त्यागी, सागर कौशिक पुत्र देवेंद्र कुमार शर्मा और उत्कर्ष पुत्र गौरीशंकर निवासी शाहदरा दिल्ली को मुकदमा दर्ज कर देहरादून कोर्ट में पेश किया गया। कोतवाल देवेंद्र असवाल ने बताया कि स्थानीय के साथ ही बाहर से आने वाले लोग अगर कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करेंगे तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।