{"_id":"687e995a018ad8178b00258f","slug":"155-crore-rupees-stolen-from-builder-in-land-deal-dehradun-news-c-5-1-drn1031-744483-2025-07-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dehradun News: जमीन के सौदे में बिल्डर से हड़पे 1.55 करोड़ रुपये","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dehradun News: जमीन के सौदे में बिल्डर से हड़पे 1.55 करोड़ रुपये
विज्ञापन
जमीन के सौदे में निरंजनपुर निवासी बिल्डर अंकित जैन से 1.55 करोड़ रुपये हड़प लिए गए। रविवार को पीड़ित बिल्डर की शिकायत पर पुलिस ने चंदन नगर के रहने वाले संपत्ति के मालिक अशोक गुप्ता, उसकी पत्नी पूनम गुप्ता, बेटे शुभम गुप्ता और बिचौलिया विजय अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि दंपती ने जिस संपत्ति का सौदा किया था उसका एक बड़ा हिस्सा उन्होंने बेटे शुभम को दान कर दिया था। अब बार-बार कागजात मांगने पर उन्हें टालते आ रहे हैं। शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि अंकित जैन अपने कारोबार के लिए एक संपत्ति की खोज कर रहे थे। इसके लिए उनकी मुलाकात विजय अग्रवाल नाम के बिचौलिए से हुई। विजय अग्रवाल ने उन्हें चंदर नगर निवासी अशोक गुप्ता से मिलवाया। अशोक गुप्ता ने अंकित जैन को चंदर नगर स्थित अपना एक मकान जिसमें आठ कमरे और पांच शौचालय हैं दिखाया। संपत्ति पसंद आ गई तो उन्होंने सितंबर 2024 में इसका सौदा 11.21 करोड़ रुपये में कर लिया। सौदे के बाद अंकित जैन ने अशोक गुप्ता और उसकी पत्नी पूनम गुप्ता को एक लाख रुपये नकद और 25 लाख रुपये का चेक दे दिया। अंकित जैन को बताया गया कि यह संपत्ति अशोक जैन को उनके पिता की वसीयत से प्राप्त हुई है। कुछ दिन बाद दोनों पक्षों ने एक संशोधित अनुबंध किया जिसमें इस संपत्ति का सौदा 10.54 करोड़ रुपये में हुआ। इसके बाद उन्हें 74 लाख रुपये चेक के माध्यम से और 55 लाख रुपये नकद दे दिए गए। इन सब लेनदेन को बाकायदा रसीद किया गया जिसमें अशोक गुप्ता की बेटी और बेटे शुभम गुप्ता गवाह हैं। कुल 1.55 करोड़ रुपये गुप्ता परिवार को देने के बाद संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए दिन भी तय कर दिया गया। इसके बाद अंकित जैन ने संपत्ति के दस्तावेज मांगे तो गुप्ता परिवार ने कहा कि ये सब शुभम के लॉकर में रखे हुए हैं जिन्हें जल्द ही वहां से निकालकर दे दिया जाएगा। इसके बाद अंकित जैन ने संपत्ति के बारे में तहकीकात की तो पता चला कि गुप्ता दंपती ने इस संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा अपने पुत्र शुभम को दान किया हुआ है। इस तरह वह इस संपत्ति का सौदा नहीं कर सकते हैं। आरोप है कि गुप्ता परिवार बार-बार मांगने पर भी उन्हें दस्तावेज नहीं दे रहा है। अब उनसे बदतमीजी की जा रही है। इस सौदे में विजय अग्रवाल ने भी पांच लाख रुपये अपने कमीशन के ले लिए हैं। अब रजिस्ट्री करने से भी इन्कार कर दिया है। शहर कोतवाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर दस्तावेज की जांच की जा रही है।
विज्ञापन